पानीपत में कुणाल हत्याकांड पर बवाल,थाने में शव रखकर धरने पर बैठे परिजन...महिलाओं का भारी आक्रोश

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 07:37 PM (IST)

पानीपत(सचिन): पानीपत के किला थाना क्षेत्र के जगदीश नगर में हुई कुणाल नाम के युवक की हत्या के मामले में आज तनाव और बढ़ गया। पुलिस द्वारा अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने से नाराज मृतक के परिजन और भारी संख्या में महिलाएं किला थाने पहुंच गईं और शव को थाने में रखकर वहां धरने पर बैठ गईं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं और परिजनों का साफ कहना है कि कुणाल की हत्या के मामले में पुलिस ढुलमुल रवैया अपना रही है। उन्होंने मांग की है कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा और वे थाने से नहीं हटेंगे।

वही इस बारे में डीएसपी नवीन संधू ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि परिवार को किसी ने गुमराह कर दिया था कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही लेकिन मैं परिजनों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी जिसके चलते 12 लोगों के खिलाफ वीडियो फुटेज के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि जगदीश नगर इलाके में सोमवार रात को कुणाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से ही इलाके में काफी रोष है। आज बड़ी संख्या में महिलाओं का थाने के भीतर धरने पर बैठना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static