विज ने बताया कांग्रेस की चुनावों में हार का कारण, भूपेंद्र हुड्डा पर भी साधा निशाना
punjabkesari.in Sunday, Mar 13, 2022 - 05:43 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने पांच राज्यों के चुनावों में कांग्रेस की करारी हार पर कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस हार के लिए जी-23 समूह या कांग्रेस नेता जो परिवारवाद की बेल को आगे बढ़ा रहे हैं, इनमें से कौन जिम्मेदार है यह कांग्रेस को सोचने की जरुरत है। किसके खिलाफ कार्रवाई करनी है यह कांग्रेस को सोचना चाहिए। उन्हें परिवारवाद की विचारधारा चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी है या जी-23 वालों के खिलाफ करनी है, यह उनका परिवारिक मामला है।
वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आवास पर गत दिवस पथराव के मामले में गृह मंत्री अनिल विज ने सख्त लहजे में कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा सरकार पर भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई करने को लेकर लगाए गए आरोपों पर विज ने कहा कि हुड्डा के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में कार्रवाई चल रही है और समय आने पर ही इसका अंजाम पता चलेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार पर लगाए पर आरोप पर पलटवार करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हुड्डा साहिब के मुंह से यह बात अच्छी नही लगती। उन्होंने कहा कि हमने नकेल डाली हुई है। हुड्डा पर कटाक्ष करते हुए गृह मंत्री विज ने कहा कि सीबीआई कोर्ट में हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई चल रही है और समय आने पर हुड्डा को अंजाम के बारे में भी पता चल जाएगा। वह भ्रष्टाचार की बात कैसे कह सकते हैं।
हरियाणा में निकाय चुनावों पर पंजाब चुनावों परिणामों के असर के सवाल पर गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा अपनी चाल चलती है और पांच में से चार प्रदेशों में भाजपा ने अपना परचम लहराया है। आज दुनिया भाजपा की नीतियों को पसंद करती है। आप पार्टी पर तंज करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि यह तो आते हैं और चले जाते हैं, भाजपा स्थाई पार्टी है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)