हरियाणा में प्रवासी मजदूरों की गांव में ''Entry'' को लेकर ग्रामीणों का बड़ा फैसला; बिना इस दस्तावेज के नहीं मिलेगा रूम
punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 03:28 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : जिले के गांव बाबरपुर में एक स्थानीय युवक के साथ हुए विवाद के बाद ग्रामीणों ने प्रवासी मजदूरों की गांव में एंट्री को लेकर सख्त फैसला लिया है। ग्रामीणों ने कहा है कि बिना आधार कार्ड वाले प्रवासी मजदूरों को गांव में कमरा किराए पर नहीं दिया जाएगा और ऐसे लोगों को गांव से बाहर जाना होगा।
दरअसल, गांव में एक फैक्ट्री में काम करने वाले कुछ मजदूरों का स्थानीय युवक के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि मजदूरों ने लाठी-डंडों से युवक के साथ मारपीट की। मामला पुलिस थाने तक पहुंचने के बाद गांव में इस घटना को लेकर रोष फैल गया।
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और बैठक कर प्रवासी मजदूरों की पहचान सुनिश्चित करने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में रहने वाले प्रत्येक प्रवासी मजदूर के पास आधार कार्ड समेत पहचान का दस्तावेज होना जरूरी होगा।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस प्रवासी मजदूर के पास आधार कार्ड नहीं होगा, उसे गांव में कमरा किराए पर नहीं दिया जाएगा। साथ ही ऐसे लोगों को गांव से बाहर जाने के लिए कहा जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यह फैसला किसी समुदाय विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गांव में रहने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित करने और भविष्य में विवादों को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और ग्रामीणों के फैसले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)