Haryana New DGP: जानिए कौन हैं ओपी सिंह? हरियाणा के नए DGP का क्या है सुशांत सिंह राजपूत से रिश्ता...
punjabkesari.in Tuesday, Oct 14, 2025 - 12:58 PM (IST)

डेस्कः हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। सोमवार को सरकार ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया। मंगलवार को जारी आधिकारिक आदेश में उनकी जगह ओम प्रकाश सिंह को हरियाणा पुलिस का कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है।
कौन हैं ओपी सिंह?
ओम प्रकाश सिंह को एक सख्त, ईमानदार और निष्पक्ष अधिकारी माना जाता है। वे मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले से हैं और बॉलीवुड अभिनेता दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत के जीजा हैं। ओपी सिंह वर्तमान में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन, पंचकूला के प्रबंध निदेशक, एफएसएल मधुबन के निदेशक, और हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को समाप्त होने वाला है। राज्यपाल की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह नियुक्ति पूर्व डीजीपी शत्रुजीत कपूर की छुट्टी की अवधि के दौरान विभागीय कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
ओपी सिंह तत्कालीन सीएम मनोहरलाल खट्टर के विशेष सलाहकार के तौर पर भी काम कर चुके हैं। सुशांत राजपूत डेथ मिस्ट्री देश भर में सुर्खियों में रही। ओपी सिंह ने उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई भी लड़ी। सुशांत राजपूत के चचेरे भाई नीरज कुमार सिंह बबलू बिहार के छातापुर विधान सभा से वर्तमान विधायक एवं नीतीश कुमार सरकार मे पर्यावरण और वन मंत्री हैं l
ओपी सिंह की इसी साल 31 दिसंबर को रिटायरमेंट
ओमप्रकाश सिंह (ओपी सिंह) 1991 बैच के आईपीएस हैं। उनकी इसी साल 31 दिसंबर को रिटायरमेंट है। पहले उनकी रिटायरमेंट नजदीक होने के चलते 1993 बैच के आलोक मित्तल का नाम डीजीपी पद के लिए चर्चा में था। हालांकि एडिशनल चार्ज देते वक्त सरकार ने सिनियोरिटी लिस्ट को अनदेखा नहीं किया।
क्या है मामला?
7 अक्टूबर को हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने घर में सुरक्षा गार्ड की पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने 15 वरिष्ठ अधिकारियों पर जातीय आधार पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया और उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
इस मामले की जांच चंडीगढ़ पुलिस कर रही है, लेकिन मृतक अधिकारी की पत्नी, जो खुद एक आईएएस अधिकारी हैं, पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। इसी कारण आठ दिन बाद भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। परिवार की नाराजगी और बढ़ते दबाव के बीच हरियाणा सरकार ने बीती रात डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेज दिया और अब ओपी सिंह को कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है।