अनुराग ढांडा का हरियाणा सरकार से सवाल, हथनी कुंड बैराज से यूपी की तरफ क्यों नहीं छोड़ा पानी?(VIDEO)

punjabkesari.in Saturday, Jul 15, 2023 - 04:56 PM (IST)

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : दिल्ली और हरियाणा में बाढ़ के कारण लाखों लोग त्रस्त हैं, सैकड़ों लोग अपने घर छोड़ चुके हैं लेकिन आम आदमी पार्टी व भाजपा के नेता इस बाढ़ पर जमकर राजनीति कर रहे हैं और इस बाढ़ का ठीकरा एक दूसरे फोड़ रहे हैं। आज एक बार फिर आप के  सीनियर वाइस प्रेजिडेंट ने पत्रकार वार्ता कर भजपा व कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है और साज़िश के तहत दिल्ली डुबोने का आरोप लगाया है। अनुराग ढांडा ने तो यहां तक कह दिया कि यमुना का पानी उत्तर प्रदेश की तरफ नहर में नहीं छोड़ा गया बल्कि साजिश के तहत दिल्ली में उतारा गया है। वहीं अनुराग ढांडा ने मॉनसून से पहले यमुना नहर की मरमत के बजट को लेकर घोटाला बताया है। अनुराग ढांडा ने कांग्रेस पर भी तीखी टिप्पणी की और कहा कि कांग्रेस बाढ़ पर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है।

ढांडा ने दिल्ली में भरे पानी को लेकर भाजपा सरकार पर द्वेष भावना के तहत काम करने की बात की है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यमुना नहर में ज्यादा पानी छोड़ा गया जिसकी वजह से यमुना दिल्ली की तरफ टूट गई और दिल्ली में पानी भर गया। हालांकि प्रदेश की भाजपा सरकार ने हरियाणा में भी बाढ़ जैसे हालात पैदा किए हैं। अनुराग ढांडा ने कहा कि  हथनीकुंड बैराज से दिल्ली को डुबोने के लिए बीजेपी सरकार ने मेनस्ट्रीम से पानी छोड़ा है। इस पानी को हथिनी कुंड बैराज से उतर प्रदेश की तरफ छोड़ना चाहिए था। उन्होंने कहा कि यमुना के निर्माण के लिए हजारों करोड़ रुपए का बजट आता है लेकिन यमुना नहर की मरम्मत नहीं की गई। इसलिए यमुना नहर कई जगह टूटी है और यही कारण है कि हरियाणा के कई जिले बाढ़ की चपेट में आए हैं।

अनुराग ने कहा कि दिल्ली के साथ लगता राज्य उत्तर प्रदेश की नहरें पूरी तरह से सूखी पड़ी हैं लेकिन उस तरफ कोई पानी नहीं छोड़ा गया। हरियाणा ने दिल्ली की तरफ जानबूझकर और द्वेष भावना के कारण यह पानी छोड़ा है ताकि दिल्ली में पानी भर जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से हरियाणा के लोग पूरी तरह से त्रस्त हैं और आम लोगों के खेत व मकान पूरी तरह से डूब गए हैं जिसके कारण लोगों में गुस्सा साफ दिखाई देता है। वहीं अनुराग ढांडा ने कांग्रेस पार्टी को भी जमकर कोसा है उन्होंने कहा है कि हरियाणा व दिल्ली पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में है लेकिन कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Related News

static