पुलिस ने सुलझाई सिर कटी लाश की गुत्थी, प्रेमी संग मिल पत्नी ने की थी हत्या

punjabkesari.in Tuesday, Mar 14, 2017 - 08:30 PM (IST)

रेवाड़ी (मोहिंदर भारती):करीब 12 दिन पूर्व गांव फिदेड़ी के खेतों में मिली सिर कटी लाश के मामले में सदर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी से कहकर कराई थी। पुलिस ने पत्नी व प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरूआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक की पत्नी से उसके अवैध संबंध थे और उसी के कहने पर उसने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया था। जानकारी के अनुसार 2 मार्च की शाम एनएच-71 पर गांव फिदेड़ी के खेतों में पाल्हावास निवासी अशोक की सिर कटी लाश बरामद हुई थी। उस दौरान अशोक का सिर नहीं मिल पाया था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। लाश की शिनाख्त के लिए पुलिस ने बॉडी के इश्तिहार छपवाकर कंपनियों तथा सर्विस स्टेशन पर बंटवाए थे। इसके अलावा पुलिस को यह भी संदेह था कि हत्या के बाद सिर नहर में भी डाला जा सकता है। इसलिए सदर थाना प्रभारी ने सिंचाई विभाग के कर्मचारियों से संपर्क किया और नहर पर कार्यरत कर्मचारियों को भी इस बारे में निगरानी करने के लिए कहा गया था। 6 मार्च को दिल्ली रोड पर जवाहर लाल नेहरू नहर से अशोक का सिर बरामद हुआ था। तीन दिन प्रयास करने के बाद 9 मार्च को मृतक के भाई व उसकी पत्नी से अस्पताल पहुंचकर उसकी पहचान अशोक के रूप में की थी।

गुमराह करने के लिए पत्नी ने पुलिस को सौंपा पत्र
पुलिस को गुमराह करने के लिए अशोक की पत्नी ने पुलिस को एक पत्र भी सौंपा था। पत्र लिखने वाले ने अपने आप को एक बिहारी बताया था और कहा था कि अशोक ने उसके दस साल के भाई के साथ गलत काम किया है और इसी वजह से वह उसकी हत्या कर रहा है। लेकिन सदर पुलिस ने बताया कि अशोक की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई थी। गांव के ही रामनिवास उर्फ काटू के अशोक की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। रामकुमार ने बताया कि अशोक को रास्ते से हटाने के लिए रामनिवास ने पूरा प्लान तैयार किया था। एक मार्च को रामनिवास ने जन्मदिन का बहाना बनाकर अशोक को अपने साथ ले गया था और उसे शराब पिलाने के लिए अपने साथ एनएच-71 पर गांव फिदेड़ी के एक खेत में ले गया। वहां 2 घंटे तक दोनों ने शराब पी। उसके बाद रामनिवास ने छुरी से अशोक की गर्दन काट कर हत्या कर दी। अशोक की पहचान छिपाने के लिए उसके सिर को नहर मे फेंक दिया था। 

हत्या करने के बाद आरोपी ने मृतक की पत्नी को फोन पर बताया कि उसने रास्ते के रोड़े को हटा दिया है। सदर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर की इस वारदात से पर्दा उठाने के लिए साइबर सैल से मदद ली और सैल में तैनात विजय कुमार की सहायत से आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। डीएसपी गजेंद्र कुमार ने बताया कि अशोक की हत्या अवैध संबंधों के चलते उसकी पत्नी ने अपने आशिक से कराई थी। दोनों को गिरफ्तार कर आज कोर्ट से रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ कर वारदात में प्रयोग की गई छुरी बरामद की जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static