2024 के लिए पूरी तरह तैयार बीजेपी, गुजरात की प्रचंड जीत के साथ हिमाचल में भी जनमत स्वीकार: शर्मा
punjabkesari.in Monday, Dec 12, 2022 - 10:10 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): गुजरात-हिमाचल के चुनाव नतीजों पर बोलते हुए प्रदेश के खनन एवं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा है कि जनमत स्वीकार करना चाहिए। गुजरात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक बहुत बड़ी जीत जनता ने दी है। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की नीतियां जनता को पसंद आई है, यह उसकी पहचान है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बोलते हुए कहा कि यह हिमाचल प्रदेश का हमेशा से ट्रेंड रहा है कि एक बार कांग्रेस और फिर एक बार बीजेपी। यह सिस्टम पुराने समय से जारी है। हिमाचल के इस सिस्टम के बावजूद बहुत कम वोट प्रतिशत अंतर से कांग्रेस आगे रही है। उन्होंने कहा कि मिशन 2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से तैयार है। भारतीय जनता पार्टी हमेशा काम करती है। लोगों के बीच रहती है और हमेशा मैदान में रहती है। आगामी विधानसभा सत्र के बारे मूलचंद शर्मा ने कहा कि जो भी बात विपक्ष हमसे पूछेगा, हम तथ्यों के साथ उसका जवाब देंगे। विपक्ष अपना काम करेगा और हम अपना काम करेंगे।
आज जितने बुरे हालात कांग्रेस के पहले कभी नहीं हुए :मूलचंद शर्मा
मूलचंद शर्मा ने हिमाचल में जीत के बाद प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अधिक उत्साहित होने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश और प्रदेश में राज किया है। लेकिन आज कांग्रेस लगभग पूरे देश से मुक्त हो चुकी है। हिमाचल से पहले राजस्थान जैसे एकाध राज्य में इनकी सत्ता है। हरियाणा में तो कांग्रेस मात्र बापू बेटे की पार्टी बन चुकी है। जितने बुरे हालात प्रदेश में आज कांग्रेस के हैं, इतने पहले कभी खराब नहीं हुए। राहुल की भारत जोड़ो यात्रा पर बोलते हुए शर्मा ने कहा कि आज कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है। इसलिए राहुल गांधी यात्रा के लिए निकले हैं। लेकिन यात्रा का नाम भारत जोड़ो ना रखकर कांग्रेस जोड़ो रखना चाहिए था। क्योंकि पूरे भारत में कांग्रेस टूटी फूटी पड़ी है। इसे जोड़ने के लिए राहुल प्रयास कर रहे हैं। लेकिन यह बिखराव इतना बड़ा है कि जिसे भी यह जोड़ते हैं वह भाग जाता है। सुबह का जोड़ा हुआ शाम को भाग जाता है और हरियाणा में कांग्रेस के इस से भी बुरे हालात हैं।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)