गुड़गांव के फ्लैट में पार्टी कर रहे युवकों को दिल्ली पुलिस ने बनाया बंधक, 25 लाख की मांग, चार गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 09:14 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-86 स्थित अंसल हाइट्स सोसाइटी के एक फ्लैट में फर्जी दिल्ली पुलिसकर्मी बनकर घुसे और पार्टी कर रहे युवाओं को बंधक बनाकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह के एक महिला सहित चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने शिकायत पर खेड़की दौला थाने में गुरुवार को मामला दर्ज किया और गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मूल रूप से दिल्ली निवासी नितिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर 86 के अंसल हाइट्स के एक फ्लैट में किराए पर रहते हैं। उनका अपना निजी काम है। 29 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने दोस्तों के साथ फ्लैट में पार्टी कर रहे थे। तभी दरवाजे की घंटी बजी और खुद को पड़ोसन बताने वाली एक महिला ने दरवाजा खुलवाया। दरवाजा खुलते ही उसके साथ पांच अन्य युवक फ्लैट में जबरन घुस गए। आरोपियों ने खुद को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम का बताकर कार्ड दिखाया और गलत काम करने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी।
फ्लैट में पार्टी कर रहे युवकों ने मामला रफा-दफा करने के लिए बातचीत की। फर्जी पुलिस वालों ने मामला रफा-दफा करने के नाम पर 25 लाख रुपये की मांग की। पैसे न होने पर उन्होंने नितिन ने दोस्त सागर को द्वारका एक्सप्रेसवे गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर अपने साथी जागरित लूथरा से रुपये मंगवाने के लिए मजबूर किया। एक आरोपी सागर को उसकी गाड़ी में लेकर बॉर्डर गया, जबकि दो आरोपी दूसरी कार में पीछे-पीछे चले गए। बाकी तीन लड़के और एक महिला ने फ्लैट में मौजूद अन्य दोस्तों को जान से मारने की धमकी देकर बंधक बनाए रखा।
बॉर्डर जाते समय सागर ने बेहद चालाकी से जागरित को लोकेशन के साथ फर्जी पुलिस होने का शक जताया। जागरित जब अपने दोस्तों के साथ बॉर्डर पहुंचा और गाड़ी में बैठे आरोपी ऋषि से पूछताछ की, तो वह घबराकर भाग निकला। इसके बाद जागरित और सागर तुरंत फ्लैट पर पहुंचे और बंधक बने दोस्तों की मदद से वहां मौजूद चारों आरोपियों को काबू कर लिया। उसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन कर घटना की सूचना दी गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहतक निवासी सतविंदर, टीनू, नवीन और सना के रूप में हुई है, जबकि भागने वाले आरोपी की पहचान ऋषि के रूप में हुई है। खेड़की दौला थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान फरार चल रहे आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाकर गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार किया गया आरोपी पीड़ित को जानता था और रुपये वसूलने के लिए योजना बनाई थी।