महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए दहेज के लिए हत्या करने के आरोप

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 09:24 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): लोकरा गांव में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति और सास पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शनिवार को पटौदी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

झाबोदा गांव निवासी मृतका के पिता शशिकांत ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि उनकी बेटी इंदू ने अपनी मर्जी से लोकरा गांव निवासी पारस के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के समय कोई दान-दहेज नहीं दिया गया था, हालांकि इंदू अपने साथ कुछ जेवरात लेकर आई थी। विवाह के बाद जब इंदू ने एक बेटे को जन्म दिया, तब भी मायके वालों ने ससुराल में कोई सामान या उपहार नहीं दिया था।

 

पिता ने आरोप लगाया कि दहेज न मिलने से नाराज होकर पति पारस और सास संतोष इंदू को लगातार मारते-पीटते थे और मायके से पैसे व दहेज लाने का दबाव बनाते थे। इंदू ने कई बार संदेश भेजकर अपने को बताया कि उसने प्रेम विवाह करके गलती कर दी है। ससुराल वाले उसे पिता की जायदाद में हिस्सा लेने तथा दहेज लाने के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। जुलाई माह में भी फोन पर बातचीत के दौरान इंदू ने रोते हुए जान से मारने की धमकियों और प्रताड़ना की बात कहीं थी।

 

शुक्रवार देर रात पुलिस को कंट्रोल रूम से पटौदी पुलिस को सूचना मिली कि लोकरा गांव में पारस की पत्नी इंदू ने अपने रिहायशी मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मकान के मुख्य गेट के पास चौक में रखी चारपाई पर इंदू का शव पड़ा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों, सीन ऑफ क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। सीन ऑफ क्राइम टीम द्वारा साक्ष्य जुटाने और निरीक्षण करने के बाद, शव को निजी एंबुलेंस से अस्पताल में भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। शशिकान्त ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की आत्महत्या नहीं की है, बल्कि पति पारस और सास संतोष ने दहेज की खातिर उसकी हत्या की है। जांच अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static