शादी की खुशियों को लगा ग्रहण : सरपंच के भाई की शादी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में महिला की मौत
punjabkesari.in Sunday, Mar 12, 2023 - 06:37 PM (IST)

फतेहाबाद (रमेश कुमार) : जिले के बनमंदौरी गांव की सरपंच के भाई की शादी में चली गोली का छर्रा लगने से रोटी बनाने के लिए आई महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग महिला को अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार बनमंदौरी गांव की सरपंच रजनी देवी के भाई की शादी थी। रविवार सुबह दुल्हन घर आई तो उसी दौरान लोग खुशी में झूम रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने हाथ में दोनली पकड़ी हुई थी। उसमें से अचानक गोली चल गई। छर्रा स्वामी नगर की रहने वाले श्यामो देवी के जा लगा। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को तुरंत फतेहाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। वहीं सरपंच परिवार में छाई खुशियों को अचानक ग्रहण लग गया और उनका पक्ष भी मौके पर पहुंच गया। भट्टू पुलिस भी नागरिक अस्पताल पहुंची हुई है।
एसएचओ शादी राम का कहना है कि महिला के पीठ पर छर्रे लगे हैं। पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)