किसान आंदोलन को मजबूत करेंगी महिलाएं, अब घूंघट से बाहर आकर लीड रोल में आएंगी नजर
punjabkesari.in Thursday, May 13, 2021 - 02:34 PM (IST)

जींद (अनिल कुमार): हरियाणा के जींद में किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले 40 सदस्यीय पदाधिकारी बनाकर कई अहम फैसले लिए हैं। 40 सदस्यीय पदाधिकारियों में मुख्य तौर पर महिलाओं और युवाओं को जगह दी गई है, जो आंदोलन की कमान संभालेंगे। महिलाओं ने कहा की अब वह घूंघट से बाहर निकलकर आंदोलन को मजबूत करेंगी, वह अब चूल्हा चौका और गोबर तक सिमित नहीं हैं।
बीकेयू के जिला प्रधान आजाद सिंह पालवा ने बताया की आज 40 किसानों को जिला स्तर और खंड स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब हमारी लड़ाई कानून बदलवाने के साथ-साथ व्यवस्था परिवर्तन की बन गई है। किसानों को पता है कि ये लड़ाई लंबी चलेगी, जिसके लिए मजबूती देने के लिए संगठन का विस्तार किया गया है। संगठन में महिलाओं, छात्रों और आईटी सेल का विस्तार किया गया है।
वहीं महिलाओं ने कहा की अब वह घूंघट प्रथा से बाहर आ चुकी हैं। महिलाएं अब चूल्हा चौका और गोबर तक सिमित नहीं है, क्योंकि वह अब आंदोलन भी चलाना जानती हैं। महिलाएं आगे से लीड रोल में नजर आएंगी। उन्होंने कहा कि अब डर निकल चूका है और वह किसी भी स्थिति से निपटने को तैयार हैं। महिलाएं अब गांव-गांव जाकर टीम बनाएंगी और 2024 तक भी ये लड़ाई जारी रखने के लिए सबसे आगे भूमिका में नजर आएंगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)