विदेश में शरण पाने के लिए इनैलो के दस्तावेजों का हो रहा गलत प्रयोग, Fake लैटर हेड पहुंचे अमेरिका
punjabkesari.in Wednesday, Jun 28, 2023 - 09:24 AM (IST)

चंडीगढ़ : विदेश जाने के लिए लोग क्या-क्या हथकंडे अपनाते हैं और अब एक नया मामला सामने आया है, जिसमें हरियाणा के लोगों ने अमेरिका में शरण पाने के लिए इनैलो के दस्तावेजों का प्रयोग किया। इनैलो के संज्ञान में जब यह मामला आया तो उनकी पार्टी की ओर से अमेरिका के न्याय विभाग और भारत में अमेरिकी दूतावास को पत्र लिखे हैं। इन पत्रों में अमेरिका में अवैध ढंग से रह रहे लोगों को इनैलो पार्टी का कार्यकर्त्ता बताया जाता है और कहा जाता है कि भारत में उनका उत्पीड़न हो रहा है, इसलिए उन्हें अमेरिका में शरण दी जाए। इन पत्रों को लिखने और भेजने के खेल में किसकी भूमिका रही होगी, यह जांच का विषय है।
इनैलो के कार्यालय सचिव नच्छर सिंह मल्हान की ओर से लिखे गए पत्रों में स्पष्ट किया गया कि उनकी पार्टी की ओर से आज तक अधिकृत रूप से सिर्फ 2 पत्र लिखे गए हैं। बाकी जितने भी पत्र इनैलो के लैटर हेड पर यू. एस. ए. सरकार के पास पहुंचे हैं। वह सभी नकली, फर्जी और जाली हो सकते हैं, क्योंकि पार्टी के किसी भी अधिकृत व्यक्ति ने इन पत्रों को जारी नहीं किया है। जाली पत्रों की भाषा से जुड़े सवाल पर मल्हान ने बताया कि इनमें यह लिखा होता है कि संबंधित व्यक्ति यहां का रहने वाला है, इनैलो पार्टी का कार्यकर्ता है और उसे अपने देश, प्रदेश अथवा जिले में विभिन्न कारणों से जान का खतरा था। इसलिए वह एजैंटों के माध्यम से अमेरिका पहुंच गया था।
अब उसे आप अपने देश में शरण दे दो। संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा इनैलो के लैटर हेड पर जारी पत्रों की विश्वसनीयता से जुड़े सवाल पर मल्हान ने कहा कि हमारी पार्टी की वहां साख है, लेकिन क्यों है और इसकी क्या वजह है, यह हमें भी स्वयं नहीं पता। नच्छर सिंह के अनुसार हमने अपनी पार्टी के भीतर भी यह जांच करवाई है कि कहीं हमारे लोगों की तरफ से तो ऐसे फर्जी पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं।