यमुनानगर : वन और वाइल्डलाइफ विभाग की संयुक्त टीम ने महिला के घर मारा छापा, तस्करी से पहले खैर लकड़ी की बड़ी खेप की जब्त
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 09:31 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के छछरौली इलाके में खैर की बेशकीमती लकड़ी की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग और वाइल्डलाइफ विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक महिला के घर पर छापा मारा और वहां से खैर की लकड़ी का बड़ा जखीरा बरामद किया। बताया जा रहा है कि करीब 25 क्विंटल खैर की लकड़ी एक पिकअप में लदी हुई थी।
आरोप है कि इस लकड़ी को घर से निकालकर बाजार में बेचने के लिए ले जाने की तैयारी की जा रही थी। लेकिन इससे पहले ही वन और वाइल्डलाइफ विभाग की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम देते हुए मौके पर कार्रवाई कर दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने दो कथित खैर तस्करों को मौके से पकड़ लिया, जबकि तीन आरोपी टीम को चकमा देकर फरार होने में कामयाब हो गए। इतनी बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद होने के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इलाके में खैर की कटाई और तस्करी का यह नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं? विभाग की टीम ने पूरे मामले को लेकर छछरौली थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अब जांच का सबसे बड़ा सवाल यही है कि बरामद खैर की लकड़ी कहां से लाई गई थी, इसे कहां सप्लाई किया जाना था और इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस और विभागीय जांच में आने वाले दिनों में कई और नाम सामने आ सकते हैं।