Faridabad: गौवंश को बचाने के चक्कर में स्कूटी से गिरा युवक, पीछे से आ रहे पानी के टैंकर ने रौंदा... दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 04:43 PM (IST)

फरीदाबाद(अनिल राठी):  फरीदाबाद में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की जान चली गई। हादसा बीके गोल चक्कर के पास हुआ। मृतक की पहचान नीमका गांव निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अभिषेक बीती रात स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी के सामने अचानक गौवंश आ गया। उसे बचाने के प्रयास में अभिषेक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया। इसी बीच पीछे से आ रहा पानी से भरा टैंकर उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, उसकी जान नहीं बच सकी।

घटना के बाद मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने वाले भारी वाहनों पर रोक लगनी चाहिए, ताकि इस तरह के हादसे दोबारा न हों।

परिवार ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी बीके गोल चक्कर के आसपास यातायात व्यवस्था और आवारा गौवंश की समस्या को दूर करने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static