भाजपा की 15 सीटें आई तो गठबंधन पर करेंगे विचार : दुष्यंत

punjabkesari.in Sunday, Jan 28, 2018 - 02:00 PM (IST)

सिवानी मंडी(ब्यूरो): हिसार लोकसभा क्षेत्र से इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा चुनावों से पूर्व भाजपा से गठबंधन को नकारते हुए चुनावों के बाद गठबंधन की बात कही है। अगर भाजपा की प्रदेश में 15 सीटें आती हैं तो गठबंधन पर जरूर विचार होगा। इनेलो सांसद शनिवार को गांव गुढा में आयोजित युवा चौपाल कार्यक्रम में पहुंचने पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए ये बात कही। इससे पूर्व वे गांव में स्वयं ट्रैक्टर चला कर पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आगामी समय में इनेलो की सरकार आने पर स्वयं के मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर कहा कि उनकी इच्छा है कि प्रदेश में इनेलो की सरकार आए और प्रदेश का नेतृत्व ओमप्रकाश चौटाला करें। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का जनाजा निकला हुआ है और युवा वर्ग रोजगार के लिए सरकार का मुंह ताक रहा है। 

किसान अपनी फसल के लिए मूलभूत सुविधाओं और खाद, बीज के लिए लाइनों में लगा हुआ है तो बहन-बेटियां अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही हैं। ऐसे में प्रदेश की जनता इनेलो के शासनकाल को याद कर रही है। उन्होंने कहा कि एस.वाई.एल. के पानी को लेकर आगामी 7 मार्च को दिल्ली में प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें युवाओं की भागीदारी अहम होगी। प्रदेश सरकार ने रोजगार के नाम पर युवाओं के साथ अन्याय किया है। प्रदेश की नौकरियां डी.सी. रेट पर निर्धारित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खट्टर सरकार हर मोर्चे पर फेल हुई है। सरकार नहर के अंतिम टेल तक पानी पहुंचाने के दावे जरूर कर रही है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी गांव पाजू में रेहड़ी पर चढ़ कर खूब प्रचार किया है। लेकिन वहां पानी तो पहुंचा नहीं, वहीं वे पाजू की जनता का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने मुख्यमंत्री को खच्चर रेहड़ी पर जरूर चढ़ा दिया। इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश बड़वा, पूर्व विधायक मा. धर्मपाल ओबरा, सुरेश शर्मा, विजय सिंह गोठड़ा, राजू पूनिया, वजीर मान, देवेन्द्र नकीपुर, नरेन्द्रराज गागड़वास, नरेंद्र नम्बरदार मोहिला, अमित सिधनवा, दिनेश सांगवान, विनोद जांडीवाल, नरेंद्र ढाका, मांगेलाल भानगढिया सहित कई कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static