विधवा पुत्रवधू से दुराचार मामले में लिप्त आरोपी सास गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Sep 12, 2018 - 03:13 PM (IST)
कैथल(सुखविंद्र): अपनी पुत्रवधू को जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करते हुए योजनाबद्ध तरीके द्वारा ससुर से दुराचार करवाने की वारदात में लिप्त पीड़िता की सास को थाना महिला पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया। वारदात को अंजाम देने वाला पीड़िता का ससुर पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है जो न्यायिक हिरासत में बंद है जबकि आरोपी महिला भी सोमवार को न्यायालय के आदेश अनुसार न्यायिक हिरासत में भेज दी गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना महिला पुलिस की लेडी सहायक उपनिरीक्षक धनपति देवी द्वारा कैथल निवासी आरोपी करीब 55 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पुत्रवधू की शिकायत पर 8 जुलाई को थाना महिला में दर्ज मामले अनुसार उसके पति की करीब 5 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है जो अपने बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थी परंतु कुछ दिन पूर्व उसके सास-ससुर उसे अपने साथ ले आए।
एक शाम उसकी सास द्वारा विधवा को उसके ससुर के पास योजनाबद्ध तरीके द्वारा भेजकर बाहर का दरवाजा बंद कर दिया गया। आरोपी ससुर द्वारा बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करते हुए जबरन दुराचार की वारदात को अंजाम दिया तथा बाद मेंं निरंतर रूप से शारीरिक शोषण करता रहा। आरोपी महिला न्यायालय के आदेश अनुसार न्यायिक हिरासत में भेज दी गई है।