हरियाणा प्रभारी नियुक्त होने पर बनाए जाएंगे जिला व ब्लाक अध्यक्ष : तंवर

punjabkesari.in Thursday, May 17, 2018 - 11:00 AM (IST)

कुरुक्षेत्र(ब्यूरो): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा अपनी सरकार बनाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। भाजपा ने कांग्रेस व जे.डी.एस. के विधायकों को अपने पक्ष में करने के लिए 100 करोड़ रुपए तक खरीदने की ऑफर दी है, जबकि कांग्रेस व जे.डी.एस. ने 57 प्रतिशत मत प्राप्त करके सबसे बड़े एलायंस के रूप में सामने आई है। 

ऐसे में केंद्र सरकार को नैतिकता के आधार पर कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए मार्गदर्शन करना चाहिए। अनाज मंडी में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि कनार्टक में विधानसभा चुनाव में मतदाताओं ने कांग्रेस व जे.डी.एस. को सबसे ज्यादा समर्थन दिया है। मेघालय, मणिपुर की तर्ज पर कर्नाटक में कांगे्रस की सरकार बननी चाहिए लेकिन भाजपा कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने के लिए हर हथकंडा अपना रही है। उन्होंने कहा कि 4 साल पहले नरेंद्र मोदी ने वायदे करके सत्ता हथियाई थी लेकिन कोई भी वायदा पूरा नहीं हुआ। 

डीजल व पैट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं। महंगाई ने आमजन का जीना हराम कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विदेशी दौरों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इनसे कुछ हासिल नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि 1 सप्ताह से प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते गंदगी के अम्बार लगे हैं। सरकार सफाई कर्मचारियों की मांग पूरी न करके गरीबों को हटाने पर लगी हुई है। 

उन्होंने कहा कि पहली बार किसी सरकार ने कर्मचारियों को गेहूं का ऋण नहीं दिया जो भाजपा सरकार की नाकामी का हिस्सा है। तंवर ने कहा कि हरियाणा प्रभारी नियुक्त होने के बाद सभी जिलाध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति कर दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static