फोन पे पर 5 हजार का झांसा देकर महिला वकील के खाते से निकाले 212457 रुपए
punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2020 - 02:17 AM (IST)

पानीपत, (संजीव नैन) : बदमाशों द्वारा फोन पे द्वारा ज्यादा ट्रांजेक्शन होने पर इनाम देने का झांसा देकर एक महिला वकील के खाते से 212457 रुपए धोखाधड़ी करके निकालने का मामला प्रकाश में आया है। पीडि़ता द्वारा इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है। जिसके आधार पर थाना हुडा सैक्टर 13-17 में केस दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अंसल सुशांत सिटी निवासी एडवोकेट सपना रानी पुत्री किशोर कुमार ने बताया कि वह एकाउंट टैक्सेशन के सलाहकार का कार्य घर पर ही करती हैं। रविवार को दोपहर बाद करीब 1 बजकर 38 मिनट पर उसके मोबाइल पर एक नम्बर से फोन आया कि उसके खाते से काफी संख्या में ट्रांजेक्शन हो रही है, इसीलिए उसे फोन पे की तरफ से 5 हजार रुपए का इनाम दिया जा रहा है। इनाम प्राप्त करने के लिए मोबाइल पर भेजे गए लिंक का क्लीक करना है, जिसके बाद इनाम राशि उसके खाते में चली जाएगी। उसके बाद जैसे ही उसने मोबाइल पर मिले लिंक को क्लीक किया तो उसके खाते से 5 हजार रुपए कट गए। दोबारा फोनकर्ता ने उसे बताया कि उसे 9900 रुपए वापस किए जाएंगे। जिस पर इस बार मिले लिंक को क्लीक करने से खाते से 99441 रुपए काट लिए गए। दो बार धोखाधड़ी होने पर उसने गूगल सर्च में जाकर कस्टमर केयर का नम्बर तलाश करते हुए उस पर फोन किया। जिन्होंने उसे सीनियर मैनेजर का नम्बर दिया तथा उस पर सम्पर्क करने की सलाह दी। दिए गए नम्बर पर जैसे ही उसने सीनियर मैनेजर से सम्पर्क किया तो बातचीत के दौरान ही उससे कुछ जानकारी लेकर खाते से 108016 रुपए काट लिए गए तथा उसे आश्वासन दिया कि उसके सारे 212457 रुपए पांच मिनट में वापस कर दिए जाएंगे। लेकिन अभी तक कोई पैसा वापस नहीं आया है। उसने बैंक में फोन करके दोनों खाते ब्लाक करवा दिए हैं। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है।