महिला से पहले किया रेप...फिर उतारा मौत के घाट
punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2015 - 12:28 PM (IST)
पानीपत (संदीप): सिटी पुलिस थाना क्षेत्र में एक महिला का शव खून से लथपथ हालत में उसी के घर मिला। महिला के साथ पहले बलात्कार और बाद में किसी भारी हथियार से महिला का कत्ल करने की संभावना जताई जा रही है। सुबह महिला के कत्ल की सूचना उसके पुत्र ने पुलिस को दी, जिसके बाद तहसील कैंप पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं पुलिस ने मृतक महिला के पुत्र के बयानके पर हत्यारे पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। शहर के तहसील कैंप क्षेत्र की विष्णु कालोनी के मकान नंबर 483 में मकान मालकिन 43 वर्षीय संतोष का शव खून से लथपथ हालत में बरामद किया गया। पुलिस में अपने दर्ज करवाए बयान में मृतक महिला संतोष के पुत्र सन्नी ने बताया कि वह रविवार सुबह किसी काम के चलते हरिद्वार गया था।
गत सोमवार सुबह करीब 6 बजे जब हरिद्वार से लौटा तो कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी मकान के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उसने दरवाजे को थोड़ा धक्का दिया तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। कमरे में कपड़े बिखरे हुए थे। उनकी माता संतोष का शव खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा हुआ था। उसने इसकी सूचना पड़ोस में रहने वाली चाची ज्ञानो देवी को दी। जिसके बाद लोग एकत्रित हो। सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस ने सुबह करीबन सवा 7 बजे मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने सिविल अस्पताल में महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया है। एफ.एस.एल. की टीम ने मृतक के घर से सबूत जुटाए हैं, पुलिस की 2 टीमें जांच में जुट गई हैें।
10 साल पहले पति और 4 साल पहले बेटे की हो चुकी है मौत
संतोष की जिंदगी परेशानियों और दुखों से भरी हुई रही, संतोष ने 24 साल पहले हवा सिंह से अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था। मूल रूप से सोनीपत की रहने वाले हवा सिंह और संतोष जीवन व्यतीत करने के लिए पानीपत की विष्णु कालोनी में आ गए। जहां 2004 में हवा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हवा सिंह का शव सैक्टर-6 फाटक के पास से बरामद हुआ था। पति की मौत के बाद से संतोष अपने 2 बेटों मोनू और सन्नी के साथ में जीवन व्यतीत कर रही थी। साल 2011 में उनके बड़े बेटे मोनू की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। अब परिवार में सिर्फ संतोष और उसका छोटा बेटा सन्नी ही थे।
फोन खोलेगा हत्या का राज
पुलिस ने संतोष के पास से नया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस को पूरा यकीन है कि फोन के जरिये वह हत्यारे तक पहुंच जाएंगे। बताया जा रहा है कि संतोष ने 2 दिन पहले ही नया मोबाइल लिया था। इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि फोन हो सकता है हत्यारे का ही हो।