पैसे के लालच में मां करवाना चाहती थी नाबालिग बेटी की शादी, पिता ने रुकवाई

punjabkesari.in Tuesday, Nov 28, 2017 - 03:39 PM (IST)

यमुनानगर(का.प्र.):सोमवार को जोगिंद्र नगर भट्टे के नजदीक मां द्वारा नाबालिग बेटी की 30 साल के युवक से शादी की सूचना पर विभाग पहुंचा। शिकायत स्वयं नाबालिगा के पिता ने ही की। महिला एवं बाल विवाह निषेध टीम उनके घर पहुंची। दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया। लड़की के पिता कमल ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी 15 साल की उम्र में ही बेटी के हाथ पीले करना चाह रही है। कुछ ही माह में उसकी शादी कर देगी। लड़की की उम्र मात्र अभी 15 साल है। वहीं, लड़की की मां रेखा ने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उसकी बेटी की उम्र 17 साल है। 18 साल की उम्र होने पर ही वह उसकी शादी करेगी। उसकी अपने पति के साथ नहीं बनती। इसलिए इस तरह के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों को सुनने के बाद टीम ने दोनों के बयान दर्ज किए।

महिला एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी अरविंद्रजीत कौर का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। दोनों ने लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेज टीम के सामने रखे हैं। बताया जा रहा है कि आधार कार्ड भी 2 बनाए गए हैं। उसमें उम्र अलग-अलग है। इसको लेकर अभी जांच चल रही है। लड़की को फिलहाल उसकी मां के हवाले कर दिया है। वहीं, लड़की की मां रेखा ने टीम को बताया कि उनके पास बेटी नहीं थी। उन्होंने इस लड़की को 3 साल साल की उम्र में गोद लिया था। महिला का कहना है कि उसकी अपने पति के साथ बनती नहीं है। इसलिए वह उसके साथ रहता भी नहीं है। उधर, महिला के पति कमल का कहना है कि उसकी पत्नी पैसे की लालच में लड़की की शादी करने जा रही है। उसे पता चला है कि पैसे लेकर ही उसने लड़की का रिश्ता तय किया है। वह किसी भी कीमत पर लड़की की बालिगहोने तक शादी नहीं होने देगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static