लंदन में रहने वाली दोस्त का फोन हैक कर युवती से 96 हजार ठगे
punjabkesari.in Saturday, May 24, 2025 - 08:02 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): साइबर क्राइम साउथ एरिया में जालसाजों ने लंदन में रहने वाली दोस्त का फोन हैक करके एक युवती से 96 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में गुडग़ांव के सेक्टर 70ए में रहने वाली सीमा गोरोवारा ने बताया कि बीती 19 मई 2025 को रात 8.21 बजे उनके मोबाइल पर एक वॉट्सऐप कॉल आई। यह कॉल उनकी क्लासमेट विनीता कपूर के नंबर से थी, जो लंदन में रहती हैं। कॉल के दौरान हुई बातचीत में सीमा को कोई शक नहीं हुआ। कॉल समाप्त होने के बाद विनीता के नाम से एक मैसेज आया। जिसमें शैलेश कुमार के नाम से एक क्यूआर कोड भेजा गया। सीमा से इस कोड के जरिए 96,000 रुपए भेजने का अनुरोध किया गया।
विनीता का नंबर सही होने के चलते सीमा ने उस क्यूआर कोड पर रात 8.26 बजे 96,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए। दूसरे दिन 20 मई को सीमा ने विनीता कपूर से संपर्क किया, तो विनीता ने उसे बताया कि उसका किसी ने फोन हैक कर लिया था। सीमा से रात हुई बात व रुपए ट्रांसफर किए जाने की भी उसे जानकारी नहीं थी। सीमा को एहसास हो गया कि उसके साथ साइबर ठगी हो गई है। सीमा की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी।