अब बड़े पर्दे पर दिखेगी नीलगिरी बायोस्फेयर रिजर्व की खूबसूरती

punjabkesari.in Saturday, Jul 19, 2025 - 06:47 PM (IST)

गुड़गांव ब्यूरो : यूनेस्को द्वारा संरक्षित भारत के पहले बायोस्फेयर रिजर्व नीलगिरी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘नीलगिरीज: ए शेयर्ड वाइल्डरनेस’ 18 जुलाई, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। रोहिणी नीलेकणि फिलान्थ्रोपीज के समर्थन से फेलिस फिल्म्स द्वारा इस डॉक्यूमेंट्री को तैयार किया गया है। देशभर में इसके डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी धीरज फिल्म्स ने उठाई है।

 

इस डॉक्यूमेंट्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान मिले हैं। यह वाइल्डलाइफ पर भारत में बनी ऐसी चुनिंदा डॉक्यमेंट्री में से है, जिसे सिनेमाघरों में रिलीज किया जा रहा है। इससे दर्शकों को बड़े पर्दे पर जंगल के दृश्यों को देखने और वहां की आवाजों को महसूस करने का मौका मिलेगा।

 

एमी नॉमिनेटेड और बाफ्टा अवार्ड विजेता फिल्मनिर्माता संदेश कादुर ने इसका निर्देशन किया है। फिल्म में खूबसूरत नीलगिरी बायोस्फेयर रिजर्व को बहुत खूबसूरत दृश्यों और कहानियों के साथ दिखाया गया है। यह अपनी तरह की पहली फिल्म है, जिसमें जैव विविधता, रेजिलियंस और इस प्राचीन पर्वत श्रृंखला के लोगों की बात की गई है। फिल्म का निर्माण करने वाली फेलिस क्रिएशंस पांडा अवार्ड विजेता कंपनी है। बेंगलुरु के इस नैचुरल हिस्ट्री प्रोडक्शन हाउस की स्थापना संदेश कादुर ने की थी। वह नेशनल जियोग्राफिक के एक्सप्लोरर हैं। उन्हें नेशनल जियोग्राफिक, बीबीसी, नेटफ्लिक्स, एप्पल एवं डिस्कवरी के लिए इस तरह की डॉक्यूमेंट्री बनाने का अनुभव है। डॉक्यूमेंट्री को बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, मैसूर, मंगलुरु, कोयंबटूर, ऊटी, मुंबई, पुणे, गोवा, कोच्चि, त्रिवेंद्रम, दिल्ली और अन्य भारतीय शहरों में रिलीज किया जाएगा।

 

इस फिल्म को लेकर फिल्म की एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर एवं रोहिणी नीलेकणि फिलान्थ्रोपीज की चेयरपर्सन रोहिणी नीलेकणि ने कहा, ‘इस फिल्म के माध्यम से हमें लोगों को इस प्राचीन एवं अनूठे बायोस्फेयर के बारे में जागरूक करने की उम्मीद है। यह देश का सबसे बड़ा संरक्षित वन क्षेत्र है। मनुष्यों की गतिविधियों के कारण यहां तेजी से बदलाव हो रहे हैं। अगर हम इसे संरक्षित करना चाहते हैं, तो समाज, सरकार और बाजार, सभी को मिलकर काम करना होगा।’ प्रमुख शहरों में छात्रों के लिए कम टिकट पर इसकी स्क्रीनिंग की जाएगी, जिससे जागरूकता बढ़ाई जा सके। रोहिणी नीलेकणि ने स्कूलों से अपील की कि बच्चों को यह डॉक्यूमेंट्री दिखाएं। इससे उन्हें हमारी पृथ्वी की खूबसूरती, यहां के जंगलों, जानवरों को बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static