स्कॉर्पियो रोकने पर पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, पैर में फ्रैक्चर

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 07:37 PM (IST)

नूंह, (ब्‍यूरो): जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब पुलिसकर्मियों पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे। नूंह शहर के गौशाला रोड पर संदिग्ध गाड़ी को रोकने की कोशिश कर रहे सीआईए में तैनात सिपाही को बदमाशों ने स्कॉर्पियो से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी की पहचान सीआईए नूंह में तैनात सिपाही उपेन्द्र के रूप में हुई है। हादसे में उसके दाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया।

 

घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार सीआईए की एक टीम को सूचना मिली थी कि काले रंग की एक स्कॉर्पियो गाड़ी इलाके में घूम रही है, जिसके शीशे काले हैं और उस पर लाल रंग का टेम्परेरी नंबर लगा हुआ है। इसी सूचना के आधार पर सिपाही उपेन्द्र अपनी टीम के साथ नूंह के गौशाला रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के पास निगरानी कर रहा था। इसी दौरान सीआईए की दूसरी टीम का फोन आया कि संदिग्ध स्कॉर्पियो उसी रास्ते से आने वाली है। सूचना मिलते ही उपेन्द्र अपने साथियों के साथ गाड़ी से उतरकर सड़क पर खड़ा हो गया और स्कॉर्पियो को रुकवाने का इशारा किया। लेकिन स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने गाड़ी रोकने के बजाय सीधे पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए।

 

टक्कर इतनी तेज थी कि सिपाही उपेन्द्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल सिपाही को तुरंत शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नलहड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में दो लोग सवार थे, जो घटना के बाद फरार हो गए। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं सिटी थाना पुलिस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Gaurav Tiwari

Related News

static