हरियाणा में 1000 करोड़ से बनेगा प्लास्टिक पार्क

punjabkesari.in Saturday, Jun 04, 2016 - 09:46 AM (IST)

करनाल: हरियाणा में एक हजार करोड़ रुपए की लागत से लगभग 150 एकड़ क्षेत्र में प्लास्टिक पार्क स्थापित किया जाएगा, जहां 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होंगे।  
 
केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार ने केंद्र सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में करनाल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। 
 
उन्होंने कहा कि करनाल में ही प्लास्टिक इंजीनियरिग और प्रोद्योगिकी केंद्र सस्थान स्थापित किया जाएगा, जिसमें हर वर्ष 2 हजार बच्चें इंजीनियर बनकर निकलेंगे। मुरथल स्थित इंजीनियरिंग संस्थान सी.आई.पी.ई.ट. से हर वर्ष 5 हजार इंजीनियर निकलते हैं अब इस संस्थान में छह हजार इंजीनियर बनकर निकलेंगे। 
 
उन्होंने कहा कि पानीपत के एन.एफ.एल. में बेंटोनाईट सल्फर बनाने का नया संयंत्र लगाया जाएगा। उत्तर भारत का यह पहला संयंत्र होगा जिसमें लगभग 25 हजार टन बेंटोनाईट सल्फर बनाया जाएगा जो देश के आधे किसानों की मांग पूरा करेगा।  
 
केंद्रीय उर्वरक मंत्री ने कहा कि देश में यूरिया खाद की कोई कमी नहीं है। सभी राज्यों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने इस मौके पर केंद्र सरकार की दो साल की उपलब्धियों का भी ब्यौरा दिया और कहा कि प्रधानमंत्री जनौषधि योजना के तहत समूचे देश में 3 हजार केंद्र खोलने का लक्ष्य रखा गया है। 
 
हरियाणा में इस योजना के तहत प्रथम चरण में 100 केंद्र स्थापित किये जाएंगे। इन केंद्रों में गरीब लोगों को 500 प्रकार की महत्वपूर्ण दवाएं 70 फीसदी तक सस्ती दर पर मिलेंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सरकारी स्थलों पर स्थापित होने वाले ऐसे केंद्रों को कें द्र की ओर से ढाई लाख रूपये की सब्सिडी भी दी जाएगी। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static