स्कूल से लौट रहे 12वीं के छात्र पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर, पुलिस ने 2 आरोपी पकड़े

punjabkesari.in Saturday, Dec 20, 2025 - 04:56 PM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल के शेरगढ़ गांव में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दरअसल स्कूल से घर लौट रहे 12वीं कक्षा के एक छात्र पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार छात्र जैसे ही स्कूल से करीब 200 मीटर आगे बढ़ा, तभी बाइक पर आए 5-6 अज्ञात हमलारों ने घेरकर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुई इस घटना से आसपास काम कर रहे लोग व स्कूल के बच्चे दहशत में आ गए। 

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल छात्र को गंभीर हालत में कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक होने के चलते छात्र को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। फिलहाल घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने 2 आरोपी पकड़े

PunjabKesari

घायल छात्र की पहचान प्योदा रोड निवासी अंकित के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

आरोपियों ने कहा- बहन को छेड़ता था

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों ने बताया कि घायल अंकित उनकी बहन को स्कूल आते-जाते परेशान करता था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायल की हालत नाजुक

तीतरम थाना प्रभारी रामबीर ने कहा कि घायल युवक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश में भी जुट गई।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yakeen Kumar

Related News

static