कुरुक्षेत्र में नेशनल हाईवे पर महिला समेत 2 हादसे का शिकार, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर; घास काटने का काम कर रहे थे दोनों
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 05:40 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : जिले में नेशनल हाईवे-152D पर दर्दनाक हादसे में एक महिला सहित दो वर्करों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वर्कर हाईवे पर घास काटने का काम कर रहे थे और काम खत्म कर नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हाईवे पर काम कर रहे थे वर्कर
जानकारी के अनुसार, पिहोवा के लाडवा फार्म के पास वर्कर हाईवे पर घास काटने का कार्य कर रहे थे। जैसे ही वे काम समाप्त कर नीचे उतरे, गंगहेड़ी की ओर से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
महिला समेत दो की मौके पर मौत
हादसे में सारसा गांव निवासी 53 वर्षीय अमित लाल और कैथल जिले के सलीम मठ्ठूपुर गांव की 44 वर्षीय सलीमा की मौत हो गई। दोनों ठेकेदार के माध्यम से एक कंपनी के तहत हाईवे पर काम कर रहे थे।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।