लूट की घटना को अंजाम देने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jun 14, 2019 - 05:54 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण ): बहादुरगढ़ सीआईए पुलिस ने साढ़े 21 लाख रुपए और 5 किलो सोना लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान  हिसार के धांसू गांव निवासी राकेश और सुशील उर्फ बॉक्सर के रूप में हुई है। दोनों ने अपने सात अन्य दोस्तों के साथ मिलकर इस बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लूट की वारदात 22 फरवरी 2019 को बहादुरगढ़ बाईपास पर कैंटेबिल फैक्ट्री के पास हुई थी। इस लूट की वारदात में एक और अहम जानकारी पुलिस के हाथ लगी है कि लूट की वारदात तो असली थी, लेकिन सोने की 5 किलो की ईंट नकली थी। 

डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि हिसार का एक व्यापारी 22 फरवरी 2019 को अपने दो अन्य साथियों के साथ आई-10 गाड़ी में सवार होकर दिल्ली से हिसार जा रहा था। जब वह बहादुरगढ़ बाईपास पर पहुंचा तो पीछे से आ रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी कार में फिल्मी अंदाज में टक्कर मार दी और व्यापारियों से स्कॉर्पियो गाड़ी चालक झगड़ा करने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य गाड़ी में सवार बदमाश आई-10 गाड़ी लेकर फरार हो गए। व्यापारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। व्यापारी को भी सोना नकली होने की खबर नहीं थी क्योंकि उसके एक साथी व्यापारी ने अपना करीब डेढ़ करोड रुपए का हिसाब किताब क्लियर करने के लिए उसे वह नकली सोना दिया था और उसकी लूट की वारदात को करवाया था।

पुलिस ने छानबीन शुरू की और सबसे पहले सुशील उर्फ बॉक्सर को गिरफ्तार किया जिसके बाद राकेश भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि सोने की  ईट नकली थी और हिसार के कारोबारी से उसके एक जान पहचान वाले का करीब डेढ़ करोड रुपए का लेनदेन था उसका हिसाब क्लियर करने के लिए इस लूट को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में करीब 9 आरोपियों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कर रखी है जिनमें से दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि 7 आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पकड़े गए आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है। पुलिस ने फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में शुरू कर दिए है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Related News

static