हरियाणा सरकार ने ESI अस्पतालों की गड़बड़ी मामले में 3 कर्मचारी किए सस्पेंड, 5 मेडिकल सुपरिंटेंडेंट पर कार्रवाई शुरु

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 12:56 PM (IST)

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ई. एस. आई. हैल्थ केयर सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार को सहन नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री शनिवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में ई. एस. आई. हैल्थ केयर हरियाणा की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने पानीपत के ई. एस. आई. अस्पताल से जुड़े मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन 6 निजी अस्पतालों को तुरंत डी-पैनल किए जाने की कार्रवाई की जाए। इस पर विभाग ने अस्पतालों को नोटिस जारी कर दिया है। इन अस्पतालों ने वर्ष 2020-21 से 2023-24 के दौरान अत्यधिक रैफरल किए थे और रैफरल प्रपत्रों पर चिकित्सकों के हस्ताक्षरों में गड़बड़ी पाई गई।

उन्होंने इस पूरे प्रकरण में संलिप्त पानीपत ई.एस.आई. अस्पताल के संबंधित 3 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ में ही 5 चिकित्सा अधीक्षकों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो (ए.सी.बी.) को जिम्मेदारी सौंपी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेशभर में ई. एस. आई. के पैनल पर शामिल अन्य 133 निजी अस्पतालों के रिकॉर्ड की भी ए.सी.बी. द्वारा जांच करवाई जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता का समय रहते पता लगाया जा सके। 

पानीपत ई.एस.आई. अस्पताल की क्षमता 75 से बढ़ाकर 100 बैड की जाए

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानीपत ई.एस.आई. अस्पताल की क्षमता 75 बैड से बढ़ाकर 100 बैड की जाए और वहां आप्रेशन थिएटर का विस्तार किया जाए। इसी प्रकार जगाधरी ई. एस. आई. अस्पताल को 80 से 100 बैड और हिसार ई. एस. आई. डिस्पेंसरी को 12 से बढ़ाकर 50 बैड करने के निर्देश दिए गए। सभी अस्पतालों में आधुनिक तकनीक से युक्त उपकरण भी लगाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने बावल और बहादुरगढ़ में निर्माणाधीन 100-100 बैड के ई. एस. आई. अस्पतालों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश के श्रमिकों और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि ई. एस. आई. हैल्थ केयर में डाक्टरों और पैरा-मैडीकल स्टाफ की किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static