केमिकल व गैस टैंक में काम करने के दौरान 3 कर्मचारियों की मौत
punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 08:47 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): घर पर हवन के लिए कंपनी के अधिकारियों से स्वीकृत कराए बिना छुट्टी किए जाने की सजा तीन कर्मचारियों को अपनी जान देकर भुगतनी पड़ी। कंपनी के मैनेजर ने कर्मचारियों को कैमिकल व गैस टैंक में काम करने के लिए उतार दिया जिसमें उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना भोंडसी थाना एरिया के गांव धूमसपुर स्थित संधार कंपनी में हुई। बेसुध हालत में तीनों कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को भोंडसी थाना पुलिस को तीन लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पर एक व्यक्ति ने पुलिस टीम को शिकायत के माध्यम से बताया कि इसके पिता नरेश यादव निवासी (उम्र-56 वर्ष) बादशाहपुर, गुरुग्राम वर्ष 2021-22 से संधार कंपनी, धूमसपुर में बतौर वेल्डर कार्यरत थे। बुधवार को इसके पिता व उनके साथ काम करने वाले मोहम्मद आरिफ (उम्र-21 वर्ष) निवासी गांव पिपराहा जिला मुजफ्फरपुर, बिहार वर्तमान निवासी धूमसपुर, गुरुग्राम व अनिल झा (उम्र-46 वर्ष) निवासी गांव बरनामा जिला नवादा, बिहार वर्तमान निवासी मारुति कुंज, भोंडसी, गुरुग्राम को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के जहरीले केमिकल व गैस वाले सेफ्टी टैंक में काम करने के लिए उतारा गया था। इस दौरान इसके पिता नरेश यादव, मोहम्मद आरिफ व अनिल झा बेहोश हो गए। कंपनी के कर्मचारियों द्वारा तीनों को टैंक से बाहर निकालकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कंपनी प्रबंधन ने सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम किए बिना कर्मचारियों से टैंक में काम करवाया जिससे उनकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 व 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
परिजनों का आरोप है कि उनके घर पर कल हवन था जिसके लिए उन्होंने अपनी ड्यूटी से छुट्टी कर ली थी। इस छुट्टी की उन्होंने पहले अधिकारियों को सूचना तो दे दी थी, लेकिन अधिकारी उन पर दबाव बना रहे थे कि वह छुट्टी न करें। ऐसे में आज उन्हें कंपनी बुलवाया गया था और सजा के तौर पर कैमिकल व गैस से भरे टैंकर में बिना सुरक्षा उपकरण के उतार दिया गया जिसके कारण यह घटना हुई है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।