GMDA के एंटी एंक्रोचमेंट पोर्टल पर आई 44 शिकायतें, 20 पर हो पाई कार्रवाई
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 08:43 PM (IST)
गुडगांव, (ब्यूरो): शहर की सड़कों, फुटपाथों, ग्रीन बेल्ट व अन्य सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की मुहिम गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल पर अब तक करीब 44 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 20 मामलों का निपटारा हो पाया है। शेष शिकायतों की संबंधित टीमों द्वारा जांच की जा रही है और कार्रवाई योग्य पाए जाने पर मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने एनफोर्समेंट टीमों को पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जा चुका है, वहां नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो। जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार, पोर्टल पर नागरिकों की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि लोग अपने आसपास के सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। नागरिकों से प्राप्त जमीनी जानकारी से एनफोर्समेंट टीमों को उन स्थानों की पहचान करने में मदद मिल रही है, जहां तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।
एंटी-एन्क्रोचमेंट पोर्टल पर शिकायत दर्ज करते समय नागरिक लाइव जियो-टैग्ड और टाइम-स्टैम्प्ड फोटो भी अपलोड कर सकते हैं। इससे अधिकारियों को शिकायत वाले स्थान की सही पहचान करने तथा अतिक्रमण की स्थिति का प्रारंभिक आकलन करने में सुविधा होती है। इसके बाद संबंधित टीम मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करती है। पोर्टल के माध्यम से सड़क, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट, ड्रेन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज की जा सकती है। इससे नागरिकों और एनफोर्समेंट टीमों के बीच समन्वय भी अधिक प्रभावी हुआ है और यह व्यवस्था शहर में चलाए जा रहे नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियानों को मजबूत कर रही है।