पिता की आंखों के सामने मासूम ने तोड़ा दम...पानीपत में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आया 5 साल का अजीत
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 03:01 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत शहर के सेक्टर 25 पार्ट-1 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार शाम भीषण सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम की जान चली गई। जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए 5 साल के बच्चे को कुचल दिया। बच्चा दुकान से सामान लेकर वापिस लौट रहा था, उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बच्चे को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैक्टर-ट्रॉली बच्चे के ऊपर से गुजर गई। लहूलुहान हालत में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार भी कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर के राजू वर्तमान में सेक्टर-25 स्थित प्लॉट नंबर 45 में रहते हैं और फील्ड व साफ-सफाई का काम करते हैं। राजू ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी फैक्ट्री के गेट पर खड़े थे। उनका 5 वर्षीय बेटा अजीत सिंह दुकान पर सामान लेने गया था इसी दौरान गंदा नाला की तरफ से एक नीला सोनालिका ट्रैक्टर तेज रफ्तार में आया। ट्रैक्टर ड्राइवर ने लापरवाही बरतते हुए बच्चे को सीधी टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, ट्रैक्टर के पीछे बंधी ट्रॉली बच्चे के ऊपर से उतर गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान मनोज पुत्र सतपाल निवासी आसन कलां के रूप में हुई
पीड़ित पिता तुरंत अपने घायल बेटे को लेकर सरकारी अस्पताल पानीपत पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। राजू के दो लड़के और एक लड़की थी, जिनमें से अजीत अब इस दुनिया में नहीं रहा। मृतक अजित के पिता ने न्याय की गुहार लगाई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)