पंचकूला में बड़ा हादसा, चलती कार कुछ ही मिनटों में बनी आग का गोला, युवकों ने समय रहते बचाई जान
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 07:18 PM (IST)
पंचकूला : पंचकूला के मोरनी-टिक्कर ताल रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक निशान माइक्रा कार में अचानक भीषण आग लग गई। इस भयानक हादसे में कोई जानमाल का नुकसान तो नहीं हुआ, मगर कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात 2 युवक पंचकूला से पर्यटन स्थल टिक्कर ताल की ओर जा रहे थे। जब वह टिक्कर ताल से पहले शेर गुजरान गांव के पास चढ़ाई पर पहुंचे तो कार बंद हो गई। जब युवकों ने स्थिति की जांच के लिए कार का बोनट खोला तो इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया।
थोड़ी ही देर में वाहन से आग की लपटें उठने लगीं और आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने बताया कि यदि वे समय रहते वाहन से बाहर नहीं निकलते तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही फायर टेंडर मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)