अभय चौटाला ने फिर कहा नशा तस्कर हैं सुच्चा सिंह, मंत्री पर लगाया संरक्षण देने का आरोप
punjabkesari.in Friday, Jun 16, 2023 - 04:17 PM (IST)

सिरसा (सतनाम सिंह) : इनेलो की परिवर्तन यात्रा शुक्रवार को डबवाली विधानसभा क्षेत्र में पहुंची, जहां परिवर्तन यात्रा का इनेलो कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने यात्रा में भाग लिया। इस यात्रा को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं व आम लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस यात्रा में अभय चौटाला के साथ उनकी पत्नी कांता चौटाला भी चल रही हैं। गौरतलब है कि अब तक ये यात्रा 53 विधानसभा क्षेत्र कवर कर चुकी है, डबवाली 54 वां विधानसभा क्षेत्र है। वहीं अभय चौटाला ने कहा कि इतनी गर्मी होने के बावजूद भी हजारों की संख्या में लोग मेरे साथ चल रहे हैं। ये बदलाव की बयार बह चली है। हरियाणा में 1987 की तरह बदलाव आएगा, आने वाले समय में INLD ही सत्ता में आएगी।
इस दौरान इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने अपने चाचा व हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला पर साधा निशाना। अभय ने रनियां विधानसभा के गांव नाकोड़ा के पूर्व पूर्व सरपंच सुच्चा सिंह को एक तस्कर बताया, इसके साथ ही सुच्चा को रणजीत सिंह का खास आदमी बताते हुए उसे बचाने का आरोप भी लगाया।
अभय ने कहा कि यदि सुच्चा सिंह तस्कर नहीं है तो इसकी जांच सीबीआई से करवाई जाए या सिरसा SIT से करवाई जाए| अभय ने कहा कि अभी तो उन्होंने ये बात लोगों के बीच कही है। लेकिन अब वह ये बात विधानसभा में चौधरी रणजीत सिंह का नाम लेकर बताएंगे और सुबूत भी पेश करेंगे कि सुच्चा सिंह तस्कर है। अभय चौटाला लगातार आरोप लगा रहे है की सुच्चा सिंह नशा तस्कर है, उसको रणजीत सिंह का संरक्षण प्राप्त है। अभय ने कहा कि जो भी गलत धंधे करेगा मैं उसका खुलकर विरोध करने का काम करूंगा।