''सरकार के नाम पर बना था लुटेरों का गिरोह''...JJP को लेकर बोले अभय हरियाणा में भी होगा राजस्थान वाला हाल

punjabkesari.in Wednesday, Mar 13, 2024 - 04:33 PM (IST)

सिरसा(सतनाम सिंह): इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद से विधायक अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश सरकार को लुटेरों का गिरोह बताते हुए जमकर निशाना साधा। अभय सिंह चौटाला ने कहा पिछले साढ़े 4 साल के कार्यकाल में इस सरकार में 24 से भी ज्यादा घोटाले हुए हैं। वहीं प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई बढ़ी है। जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश के लोग सत्ता बदलने का मन बना चुके हैं, इसी डर से सरकार का चेहरा बदलने का काम किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जेजेपी पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। अभय ने कहा लोग इस सरकार को भी सत्ता से ही बाहर का रास्ता दिखाएंगे और इनेलो की सरकार बनाएंगे। 

अभय सिंह चौटाला ने जेजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अजय सिंह चौटाला यह दावा किया करते थे कि जेजेपी ने 10 महीने में 17% वोट लेकर 10 विधानसभा सीटें जीती हैं। हम चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे, लेकिन इन्होंने चौधरी देवीलाल की नीतियों को गिरवी रख दिया। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अब जब चुनाव आएगा तो जेजेपी को 0.7% वोट भी नहीं मिलेगा। इनका वही हाल हरियाणा में होगा जो राजस्थान में हुआ। 

वही अभय सिंह चौटाला ने दीपेंद्र के उस बयान पर निशाना साधा जिसमें दीपेंद्र ने कहा था कि "भाजपा और जेजेपी समझौता तोड़ने का भी समझौता करेंगी" पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दीपेंद्र हुड्डा यह बताएं कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा को कौन सी ऑक्सीजन देना चाहते थे कि वह नो कॉन्फिडेंस मोशन विधानसभा में लेकर आए। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि सुभाष चंद्र के राज्यसभा सांसद से लेकर जितने भी फैसले इन्होंने किए हैं उसको अगर नजदीक से देखे तो साफ पता चलता है कि यह लोग भाजपा से मिले हुए हैं।

वहीं अभय सिंह चौटाला ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान पर भी पलटवार किया जिसमें दीपेंद्र हुड्डा ने कहा था कि चुनाव में इनेलो वोट काटने के लिए आएगी। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल लंबे समय तक इस प्रदेश में सत्ता में रही और कांग्रेस को कई बार  पछाड़ने का काम किया। अभय सिंह ने कहा कि आज जो प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है। वह कांग्रेस की वजह से आई है। इनेलो का वोट बैंक कम नहीं हुआ, बल्कि कांग्रेस का सुपड़ा साफ हुआ है। इसके अलावा  अभय सिंह ने भाजपा और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। अभय सिंह ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा इस बार भी प्रदेश की जनता को लूटने के लिए सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता ने इनका भी 10 साल का कार्यकाल देखा है वो लोग नहीं भूल पाए है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आने वाले विधानसभा  चुनाव में नतीजे बहुत चौंकाने वाले होंगे और इंडियन नेशनल पार्टी सत्ता में आएगी। 

वहीं इनेलो द्वारा लोकसभा चुनावो को लेकर पार्टी द्वारा  प्रत्याशियों की घोषणा के सवाल पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी ने 5 मेम्बरी कमेटी का गठन किया है, जो लोकसभा चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की इच्छा पर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। इसके बाद पार्टी उन नामों पर मंथन करने के बाद 10 की 10 लोकसभा के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी। वहीं देश में CAA के लागू होने पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि यह फैसला मुसलमान को और भी डराने वाला है। यह फैसला सभी वर्गों के लिए होना चाहिए था। इसमें किसी भी वर्ग के साथ किसी तरह का कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए था।  

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Recommended News

Related News

static