सभी पार्टियां इस संकट के समय दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की मदद करें: अजय

punjabkesari.in Friday, May 08, 2020 - 06:47 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चाैटाला के पिता अजय चौटाला ने कहा है कि कोरोना महामारी विश्वव्यापी समस्या है, जिससे पूरे विश्व सहित भारत भी जूझ रहा है। हरियाणा प्रदेश भी इस महामारी की चपेट में है, लेकिन जिस प्रकार से आज हम सब मिलकर इस लड़ाई को लड़ रहे है। हम निश्चित तौर पर इस पर विजय प्राप्त करेंगे और इसे रोकने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रजातंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया के लोग भी बधाई के पात्र है, जिन्होंने लोगों को निरंतर जागरूक करने का काम किया। इसके अलावा प्रशासन भी लॉकडाउन के जरिए इसके लिए लगातर प्रयासरत है, जबकि हमारी फोर्सेस ने भी आउट ऑफ द वे जाकर 24-24 घंटे ड्यूटी देकर लोगों की मदद करने का काम किया है। वहीं डॉक्टर, नर्स और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ ने भी कोरोना मरीजों के इलाज में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

अजय ने कहा कि वे सभी राजनीतिक पार्टियों से भी यही कहना चाहेंगे कि इस संकट के समय में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सब जरूरतमंदों की मदद करें। तभी हम आगे बढ़ पाएंगे। उन्हाेेंने कहा कि किसानों के लिए ये कटाई का समय भी है और बिजाई का भी। जबकि बार-बार मौसम खराब होने के चलते परमात्मा भी अग्नि परीक्षा ले रहा है।

इसके अलावा लेबर की समस्या भी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने अतिरिक्त परचेस सेंटर बनाकर मंडियो में किसान का एक-एक दाना खरीदने का काम किया है। जबकि सरकार ने ये आश्वासन दिया है कि किसी भी किसान का एक दाना भी बाकी नहीं रहने दिया जाएगा। अजय ने कहा की दुष्यंत चौटाला सहित सीएम मनोहर लाल ने साफ किया है कि किसानों सहित आढ़तियों का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।

चौटाला ने कहा कि स्कूल कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थान आज लॉकडाउन की वजह से बंद है। सरकार परीक्षाएं भी नहीं ले पा रही है। उन्हाेंने कहा कि जो भी कमी रही है, उसकी भरपाई समय अनुसार की जाएगी।

वहीं जेजेपी की गतिविधियों को लेकर अजय चौटाला ने कहा कि वे पार्टी की गतिविधियों से पूरी तरह से संतुष्ट है। संकट की इस घड़ी में जेजेपी ने सर्वप्रथम 51 लाख की राशि मूख्यमंत्री राहत कोष में देने का काम किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद भी जो धनराशि लोग हमें भेज रहे है वो हम मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करवा रहे है। इसके अलावा भी जेजेपी ने जिलावार सैनिटाइजर, मास्क, ग्लव्स और अन्य समान भी वितरित किया है। हम खून के आखिरी कतरे तक लोगों की हर तरह की मदद करने का काम करेंगे।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Related News

static