अम्मू को भाजपा से मिली बेरूखी तो इनेलो आ रही रास (VIDEO)

punjabkesari.in Monday, Feb 26, 2018 - 03:57 PM (IST)

भिवानी(अशोक भारद्वाज): हरियाणा भाजपा के मीडिया कॉआर्डिनेटर रह चुके सूरजपाल अम्मू को भाजपा से मिली बेरूखी के बाद इनेलो रास आने लगी है। अम्मू ने अपने एक बयान में इनेलो नेता अभय चौटाला की तारीफ की है। अम्मू ने अभय चौटाला को जमीन से जुड़कर काम करने वाला व्यक्ति बताया है। पद्मावत फिल्मों का विरोध कर चर्चा में आए भाजपा नेता सूरजपाल अम्मू ने इनेलो पार्टी से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी है। विभिन्न सार्वजनिक मंचों पर सूरजपाल अम्मू इनेलो नेता अभय चौटाला की प्रशंसा करते नजर आते हैं।

सूरजपाल अम्मू भिवानी के बहल स्थित शैक्षणिक संस्थान में राह ग्रुप द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में पहुंचे थे। अम्मू ने कहा कि वे खुद भी खेल संघों से जुड़े हुए है। अभय चौटाला द्वारा खेल को प्रोत्साहन देते हुए उन्होंने खुद देखा है। सूरजपाल अम्मू से इनेलो से नजदीकियों के बारे में जानने की कोशिश की गई तो अम्मू ने कहा कि वे खुल कर बोलने वाले व्यक्ति हैं तथा व्यक्ति खेलों को लेकर काम करता है, वे उसकी प्रशंसा करते हैं।

गौरतलब है कि सूरजपाल अम्मू को भाजपा से दरकिनार किए जाने के बाद वे अपनी नई राजनीतिक जमीन तलाशते नजर आ रहे हैं, जिसके चलते उनका न केवल इनेलो के अभय चौटाला को लेकर प्रेम जागा है, बल्कि बातों ही बातों में वे सोनिया गांधी का भी नाम लेते नजर आए। 

बता दें कि सूरजपाल अम्मू भाजपा में मीडिया कॉर्डिनेटर रहते हुए राजपूत समाज द्वारा फिल्म पद्मावत के विरोध में करणी सेना का साथ दिया। जिसके बाद अम्मू सुर्खियों में बने थे और हिंसा भड़काने के आरोप में हिरासत में लिए गए। जिसके बाद भाजपा ने अपनी इज्जत बचाने के लिए सूरजपाल अम्मू को उनके पद से हटा दिया। यही कारण है कि अम्मू को भाजपा से बेरूख होना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static