बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए राहुल गांधी ने लोगों से की अपील तो विज ने उन्हें दिलाई हरियाणा की याद
punjabkesari.in Monday, Jul 17, 2023 - 09:13 PM (IST)

डेस्क : पूरे उत्तर भारत में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, यूपी उत्तराखंड हर जगह कुदरत का कहर लगातार जारी है। प्राकृति के इस प्रलय ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। एक ओर जहां नदियों में लहरों की रफ्तार बढ़ गई है वहीं दूसरी ओर सियासत में भी उफान आ गया है। तमाम राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का खेल खेलने में जुटी हुई हैं।
उत्तर भारत में, भारी बारिश और बाढ़ की त्रासदी के कारण हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और अन्य राज्यों में हज़ारों परिवार तबाह हो गए हैं।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 17, 2023
हिमाचल में विशेष कर जीवन और सम्पत्ति का बहुत नुकसान हुआ है।
सभी से मेरा निवेदन है, ऐसे कठिन समय में राज्य सरकारों के पुनर्निर्माण कार्यों…
अमूमन देखा जाता है कि अनिल विज राहुल गांधी पर किसी न किसी मामले को लेकर तीखा प्रहार करते रहते हैं। सोमवार को भी विज ने राहुल को आड़े हाथों लिया। दरअसल राहुल गांधी ने एक ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने लिखा कि ‘उत्तर भारत में, भारी बारिश और बाढ़ की त्रासदी के कारण हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और अन्य राज्यों में हज़ारों परिवार तबाह हो गए हैं। हिमाचल में विशेष कर जीवन और सम्पत्ति का बहुत नुकसान हुआ है। सभी से मेरा निवेदन है, ऐसे कठिन समय में राज्य सरकारों के पुनर्निर्माण कार्यों में मदद करते हुए, मुख्यमंत्री राहत कोष में हर संभव आर्थिक योगदान दें। आइए, मिलकर टूटे घरों और ज़िंदगियों को जोड़ें, भारत जोड़ें!’ राहुल के इसी ट्वीट पर अनिल विज ने लिखा कि ‘राहुल गांधी जी उत्तरी भारत में हरियाणा भी एक प्रांत है जो बाढ़ से प्रभावित हुआ है जिसको शायद आप अपने ट्वीट में लिखना भूल गए हैं। मुझे उम्मीद है आप अपनी भूल सुधार करेंगे।‘
बता दें कि इस प्राकृतिक आपदा ने हिमाचल प्रदेश में भारी तबाही मचाई है। हरियाणा भी कुदरत की मार झेल रहा है। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया है कि इस आपदा में प्रदेश को लगभग 4 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। जिसके लिए राहुल ने लोगों से बाढ़ प्रभावितों की मदद की गुहार लगाई है। हालांकि हरियाणा भी इससे अछूता नहीं है। हरियाणा में भी बाढ़ ने हाहाकार मचा रखा है। जिस वजह से गृहमंत्री अनिल विज ने राहुल को याद दिलाया कि शायद वे अपने ट्वीट में हरियाणा का जिक्र करना भूल गए।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)