गैस कटर से ए.टी.एम. काट 40 लाख उड़ा ले गए बदमाश

punjabkesari.in Monday, Dec 23, 2019 - 10:55 AM (IST)

बावल(रोहिल्ला): गांव लाधूवास में शनिवार रात को बदमाश ए.टी.एम. को गैस कटर से काटकर उसमें रखी 40 लाख रुपए की नकदी ले गए। घटना का रविवार सुबह पता लगा तो सूचना पुलिस को दी गई। बदमाश बूथ में लगे सी.सी.टी.वी. व डी.वी.आर. को भी अपने साथ ले गए। जानकारी अनुसार दिल्ली-जयपुर हाईवे के निकट जड़थल रोड स्थित गांव लाधूवास के पास पी.एन.बी. का ए.टी.एम. लगा हुआ है। बदमाशों ने शनिवार रात को इस मशीन को पिकअप की मदद से उखाड़कर ले जाने का प्रयास किया लेकिन जब इसमें वे सफल नहीं हुए तो उन्होंने मशीन के अगले हिस्से को गैस कटर से काट डाला। इसमें लगभग 40 लाख रुपए की नकदी रखी हुई थी। बैंक अधिकारियों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया है। 

22 लाख से भरा ए.टी.एम. उखाड़ ले गए चोर
कैथल रोड स्थित एच.डी.एफ.सी. बैंक का करीब 22 लाख रुपए से भरा ए.टी.एम. बदमाश उखाड़ ले गए। इतना ही नहीं हथियारों से लैस बदमाश ए.टी.एम. पर तैनात गार्ड ओमप्रकाश को अपने भी साथ ले गए और गांव रूकसाना के पास छोड़कर फरार हो गए।  बदमाशों ने वारदात से पहले ए.टी.एम. के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों पर स्प्रे कर दिया था। घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी रामफल व डी.एस.पी. असंध दलवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस में दी शिकायत में सचिन वर्मा ने बताया कि शनिवार को ए.टी.एम. में करीब 22 लाख रुपए डाले थे लेकिन कितनी रकम उपभोक्ताओं की ओर से निकाली गई है उसकी जानकारी हमारे पास अभी नहीं है।

यह जानकारी सोमवार को बैंक खुलने के बाद ही पता चल पाएगी। गार्ड ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि शनिवार को ए.टी.एम. में 24 घंटे की ड्यूटी पर था। देर रात्रि करीब 3 बजे 5 से 6 व्यक्ति सफेद रंग की गाड़ी में आए, ए.टी.एम. बूथ में घुसकर मेरे ऊपर गन तान दी और ए.टी.एम. को उखाड़कर मुझे भी अपने साथ ले गए। गांव रूकसाना के पास मुझे गाड़ी से नीचे उतार दिया जिसके बाद मैं निसिंग थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि पुलिस ने शाखा प्रबंधक के बयान पर 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

vinod kumar

Recommended News

Related News

static