पानीपत में लस्सी बेचने जा रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला, बाइक रुकवाकर ताबड़तोड़ बरसाए लाठी-डंडे; सामने आई ये वजह

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 08:16 AM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत में मामूली कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि गांव के ही कुछ लोगों ने लस्सी बेचने का काम करने वाले व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात बुधवार सुबह जाटल रोड पर हुई, जहां ब्राह्मण माजरा निवासी महावीर गांव से बाइक पर लस्सी बेचने के लिए आ रहा था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उसकी चलती बाइक को रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में महावीर के हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घायल महावीर के बेटे परवीन ने बताया कि उसके पिता रोजाना गांव से लस्सी लेकर शहर की ओर बेचने के लिए आते हैं। बुधवार सुबह भी वह बाइक से जाटल रोड की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और मारपीट कर दी। परवीन के अनुसार, हमलावरों ने उसके पिता को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

परवीन का आरोप है कि विवाद की शुरुआत दो दिन पहले हुई थी। उस समय भी आरोपितों ने घर पर आकर उसके साथ मारपीट की थी। मारपीट में उसे चोट लगी थी। घटना के बाद परिवार ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी थी और पुलिस मौके पर पहुंची थी। परवीन का कहना है कि दो दिन पहले हुई मारपीट की शिकायत के बावजूद विवाद थमा नहीं और बुधवार सुबह उसके पिता को निशाना बना लिया गया।

परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह महावीर बाइक पर लस्सी बेचने के लिए जा रहा था। आरोप है कि जाटल रोड पर उसे रास्ते में रोक लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं पाया। मारपीट में उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

परवीन ने बताया कि परिवार का किसी से बड़ा विवाद नहीं था। मामूली कहासुनी के बाद मामला लगातार बढ़ता गया और अब उसके पिता पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। परिजनों का कहना है कि दो दिन पहले हुई घटना के बाद ही पुलिस को सूचना दी गई थी। इसके बावजूद बुधवार को दोबारा हमला होने से परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static