बरोदा उपचुनाव: हुड्डा ने नरवाल को मनाया, अब भाजपा के खिलाफ एक साथ लड़ेंगे मुकाबला

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2020 - 04:16 PM (IST)

गोहाना (सुनील जिंदल): बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस की टिकट नहीं मिलने से नाराज डॉ. कपूर नरवाल को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आखिरकार मना लिया है। डॉ. कपूर नरवाल द्वारा अपना नामांकन वापिस लेने पर राजी करने के लिए उनके गोहाना निवास पर स्वयं भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उनके बेटे दीपेन्द्र सिंह हुड्डा, कलायत के विधायक जयप्रकाश, गोहाना के कांग्रेस के विधायक जगबीर सिंह मलिक के अलावा महम के विधायक बलराज कुंडू भी पहुंचे। हुड्डा ने डॉ. कपूर को पार्टी में पूरा मान सम्मान देने का वायदा किया और बीजेपी सरकार के खिलाफ एक साथ मुकाबला करने की बात कही।

PunjabKesari, Haryana

डॉ. कपूर नरवाल द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद बरोदा उप चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी का हेड-टू-हेड मुकाबला देखने को मिलेगा। बरोदा कांग्रेस की सीट रही है, इसलिए यहां कांग्रेस की साख दांव पर लगी है, वहीं भाजपा के कमल खिलाने के लिए बरोदा की धरती बंजर ही रही है, ऐसे में भाजपा के लिए यहां कमल खिलाने का एक और मौका हाथ लगा है, जिसके बाद भाजपा अपनी पूरी ताकत यहां झोंकने वाली है।

डॉ. कपूर सिंह नरवाल के नामांकन वापिस लेने पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बरोदा का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है, सवाल एक सीट और एक एमएलए का नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में 6 साल से बेरोजगारी बढ़ रही है, अपराध बढ़ रहा है। भाजपा राज में केवल घोषणाएं ही घोषणाएं हैं। यह सरकार रोजगार देने के बजाय बेरोजगार कर रही है, सरकार कर्मचारियों को हटाने का काम कर रही है।

हुड्डा ने कहा कि 1966 से लेकर 2014 तक हरियाणा पर 50 हजार करोड़ कर्जा था, लेकिन अब कर्ज 2 लाख करोड़ से ऊपर हो गया है। उन्होंने कहा कि बरोदा उपचुनाव हरियाणा की दिशा और दशा बदलेगा। ये साधारण चुनाव नहीं है, यहां मेरा, डॉ. कपूर का या कांग्रेस का सवाल नहीं है यहां सवाल पूरे हरियाणा का है।  उन्होंने कहा कि कपूर का निर्णय ठीक समय पर ठीक फैसला लिया गया है, इनका फैसला हरियाणा की दिशा और दशा बदलेगा। उन्होंने कहा कि आज कपूर के नामांकन वापिस लेने से साजिश खत्म हुई, साजिश का बदला वोट की चोट से लेंगे।

इसी दौरान राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की राजनीति ने करवट ली है, जिस दिन नतीजा आएगा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगा। डॉ. कपूर नरवाल ने इस नींव को रखने का काम किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा को बर्बाद कर दिया, किसान सड़कों पर पिट रहा है और उसकी फसल मंडियों में पिट रही है। 6 साल में हर वर्ग को चोट दी गई बीजेपी राज में बेरोजगारी में हरियाणा में नम्बर वन हुआ है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के खिलाफ बरोदा से अविश्वास प्रस्ताव पास होगा। 

दीपेन्द्र ने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग करके रोहतक और सोनीपत को हराया गया, लोकसभा इलेक्शन में जननायक जनता पार्टी ने भाजपा को बैसखिया देने का काम किया। उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी के नेता भाजपाइयों को जमुना पार का कहते थे, लेकिन गठबंधन में सरकार बनाकर उन्होंने लोगों के साथ षड्यंत्र रचा। दीपेन्द्र ने कहा कि कपूर नरवाल ने धर्म संकट में धर्म का साथ दिया है। ये इलाका और पूरा हरियाणा कपूर के नाम को सोने के अक्षरों में लिखा जाएगा। मैं डॉ कपूर नरवाल को पूरा मान सम्मान दूंगा।

वहीं महम के निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि इस तानाशाह सरकार के खिलाफ किसान मजदूर कमेरे वर्ग की लड़ाई है। कपूर नरवाल ने बरोदा जनता की भावना को समझ लिया है। यह चुनाव हार जीत का नहीं बल्कि जमानत जब्त करवाने का चुनाव है। राजनैतिक मतभेद भुलाकर सब को इस सरकार के खिलाफ लडऩा है। बरोदा की तरफ पूरा हरियाणा देख रहा है।।पूर्व सीएम हुड्डा को कहा कि मैं आपके साथ हूँ और एक कार्यकर्ता के रूप में लड़ाई लड़ूंगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static