कार की टक्कर लगने से बाइक चालक की मौत,चाचा से मिलकर लौट रहा था घर
punjabkesari.in Sunday, Dec 10, 2023 - 11:43 AM (IST)

कुरुक्षेत्र : अमीन रोड पर कार की टक्कर लगने से बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की शिनाख्त संजीव कुमार 40 निवासी बरानी खालसा जिला करनाल के रूप में हुई। संजीव कुमार अपने चाचा से मिलकर बाइक पर अपने घर लौट रहा था।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में पवन कुमार निवासी बरानी खालसा ने बताया कि उसकी अमीन अनाज मंडी आढ़त की दुकान है। वह मंडी में एक नई दुकान का निर्माण भी कर रहा है। शाम को उसका भतीजा अपनी बाइक पर कुरुक्षेत्र किसी निजी काम से आया था। काम निपटाने के बाद वह उससे मिलकर गांव लौट रहा था। वह भी गांव जाने के लिए संजीव के पीछे अपनी कार में चल रहा था। शाम करीब पौने छह बजे जैसे ही वह लोग अमीन रोड पर प्रभात सीड्स के पास पहुंचे तो सामने आए कार चालक ने संजीव की बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही संजीव बाइक सहित सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। उसने कार रोककर संजीव को संभाला तथा एंबुलेंस का इंतजाम कर उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने संजीव की जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।