BJP विधायक महिपाल ढांडा ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना, कहा - हमें फख्र है कि हम वीर सावरकर की औलाद हैं
punjabkesari.in Thursday, Jun 15, 2023 - 09:33 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत ग्रामीण विधानसभा के विधायक महिपाल ढांडा ने कांग्रेस पर कईं मुद्दों को लेकर जमकर हमला बोला। हालांकि विधायक ने मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों का बखान करने के लिए प्रेस वार्ता बुलाई थी। लेकिन उन्होंने राम मंदिर, धारा 370 सहित कईं मुद्दों पर चर्चा की और विपक्ष को घेरा। इस दौरान भाजपा की जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे।
भाजपा विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि हम लोगों को पढ़ाया गया कि अकबर महान था, ओरेंगजेब ने बड़ा अच्छा सुशासन प्रशासन चलाया। कुछ लोगों ने हिंदुस्तान का इतिहास तोड़-मरोड़ कर पेश किया। हमारी आने वाली पीढ़ियों का दिमाग खराब करने का काम किया। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्टों ने भी लोगों का ब्रेन वाश करने का काम किया, लेकिन हम देश मे एक नई शिक्षा नीति लेकर आएंगे, जिसमे देश के गौरव को बढ़ाने वाला सिलेबस तैयार किया जाएगा।
विधायक महिपाल ढांडा यहीं नहीं रूके। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी हमें वीर सावरकर की औलाद कहते हैं। हाँ हम सावरकर की औलाद हैं और हमें फख्र है कि हम वीर सावरकर की औलाद हैं। सावरकर ने देश की आजादी के लिए पूरा परिवार शहीद कर दिया। ऐसी सरकार को देश की जनता को कोई उम्मीद नहीं थी।
भाजपा विधायक महिपाल ढांडा का कांग्रेस पर प्रहार लगातार जारी रहा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनाने में रोड़ा अटकाने वालों को डूबकर मर जाना चाहिए। हम तीन मुद्दे लेकर आये, धारा 370 तोड़ी और चिड़िया ने भी चूं तक नहीं की। हमने राम मंदिर बनाने की शुरुआत की, हम समान नागरिकता कानून लेकर आएंगे।
भाजपा विधायक महिपाल ढांडा एक बार फिर से कांग्रेस पर आक्रामक होते हुए बोले कि इन चोरों ने हर गली-नुक्कड़ पर दलाल बैठाए हुए हैं। हम लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विदेशों में देश की तौहीन कर रही है। भारत ने महाशक्ति रूस से यूक्रेन युद्ध विराम करवाया तो इस काम से कांग्रेस को पीड़ा हुई। जनता 2024 में इन्हें मुंह तोड़ जवाब देगी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)