विधायक सीमा त्रिखा का विपक्ष पर निशाना, बोलीं- राजनीतिक बेरोजगारी में कुछ भी बोलते हैं लोग

punjabkesari.in Thursday, Dec 15, 2022 - 09:20 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर बड़खल विधायक सीमा त्रिखा ने विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हर व्यक्ति अपनी कुर्सी मुताबिक अपना धर्म निभाता है। सत्ता में बैठे राजनेता अपना धर्म निभाते हैं। वहीं राजनीतिक बेरोजगारी के वक्त आदमी कुछ भी बोलता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे कुछ भी कहे, लेकिन हरियाणा की जनता बेहद संतुष्ट है। पूरे देश में हरियाणा मात्र ऐसा राज्य है, जहां मनोहर लाल के नेतृत्व में बिना खर्ची बिना पर्ची के काम चल रहे हैं। शत-प्रतिशत किसी चीज को खत्म नहीं किया जा सकता। मैं यह नहीं कह रही कि भ्रष्टाचार पूरी तरह से हमने समाप्त किया है। लेकिन जैसा राजा होता है वैसी ही फसल होती है। मनोहर लाल के राज में पारदर्शिता की फसल बहुत खिलकर निखर रही है। जींद उपचुनाव में मैंने जब एक बुजुर्ग से भाजपा को वोट डालने की अपील की तो उसने एकदम कहा कि पिछली सरकारों में थैले भी पकड़े गए और नौकरियां भी नहीं लगी। इस सरकार में बिना चाय पिलाए मेरे दो बेटे नौकरी लगे हैं। मनोहर लाल ने धर्म-जाति के भेदभाव से दूर होकर मानवता के धर्म को अपनाया है। जिस प्रकार से माता-पिता के लिए सभी औलाद बराबर होती हैं। मनोहर लाल पूरे प्रदेश की जनसंख्या के प्रति एक जैसे भाव रखते हैं। ऐसे में कांग्रेस बिचारी क्या करें।

 

रिवाज बदलने की ओर हिमाचल की जनता ने कदम बढ़ाए हैं : सीमा त्रिखा

 

सीमा त्रिखा ने हिमाचल चुनाव परिणामों से प्रफुल्लित हुई कांग्रेस द्वारा हरियाणा में भी बहुमत हासिल करने के दावे पर बोलते हुए कहा कि उनके दावे को बहुत अधिक दवा और दुआ दोनों की जरूरत है। हिमाचल में लंबे समय से एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा का सिस्टम रहा है। भाजपा ने रिवाज बदलने का नारा दिया था। बेशक आज भाजपा सत्ता में नहीं आई।लेकिन रिवाज बदलने की ओर हिमाचल की जनता ने कदम बढ़ाए हैं। मात्र .9 के फैसले से जीत दर्ज हुई है, यह भाजपा की एक उपलब्धि है। लोगों ने अपने मन और दिमाग को बदला है। विकास का रास्ता जनता पकड़ रही है। हरियाणा में जिस प्रकार से परिश्रम और काबिलियत के मिश्रण वाले बच्चे को नौकरियां मिली है, मेरा मानना है कि इससे परिवार से लेकर समाज और समाज से लेकर प्रदेश और प्रदेश से लेकर देश को आगे बढ़ाने का काम हुआ है।

 

पुरुषार्थियों की धरती पंजाब में पुरुषार्थ छुड़ाकर फ्री में देने वाला व्यक्ति आ गया : त्रिखा

 

नई विधानसभा को लेकर विरोध कर रहे पंजाब के सवाल पर सीमा त्रिखा ने कहा कि दूरगामी होना एक अच्छे व्यक्ति के व्यक्तित्व की निशानी होती है। आज हरियाणा में 90 सीटें हैं। 2026 परिसीमन के बाद लगभग 120 हो जाएंगी। आने वाली पीढ़ियों की सोच रखना एक अच्छे व्यक्ति की पहचान है। आज 90 विधायकों के बैठने के लिए भी दिक्कत है। हमारे विधानसभा इतनी भी बड़ी नहीं है। अगले स्थिति को नापते हुए विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने इसकी डिमांड की थी और केंद्र सरकार ने इसे माना है। हम दोनों के धन्यवादी है। यह सोच पंजाब वालों को रखनी चाहिए। पुरुषार्थ लोगों की धरती पंजाब में एक ऐसा व्यक्ति आ गया, जिसने पुरुषार्थ की जरूरत ना बताकर कहा कि फ्री में सब कुछ ले जाओ। तो ऐसे में कैसे चलेगा प्रांत पंजाब और कैसे चलेगा देश।

 

 

बीपीएल की पात्रता बढ़ाने पर करना चाहिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद : सीमा त्रिखा

 

3 साल के दौरान बड़खल विधानसभा में हुए विकास कार्यों को लेकर सीमा त्रिखा ने कहा कि जब जब मुख्यमंत्री से मिलती हूं तो धन्यवाद करती हूं। आज तक जितनी भी मांगे हमने रखी वह सभी मांगे पूरी हुई हैं। कोविड काल का समय ऑक्सीजन -स्वास्थ्य और थाली की रोटी को लेकर निकल गया। लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री ने बड़खल विधानसभा में बहुत अधिक विकास करवाए हैं। नए बस अड्डे का निर्माण हुआ जो जनता को समर्पित कर दिया गया है। मुझे बेहद प्रसन्नता है कि पीपीपी मोड का यह पहला बस अड्डा है। मुख्यमंत्री द्वारा 5 ओर नए बस अड्डे इसी तर्ज पर बनाने की घोषणा भी की गई है। सबसे बड़ा स्टेडियम नाहर सिंह स्टेडियम बन रहा है। बड़खल में बिजली के तीन सब स्टेशन हमने मांगे, मुख्यमंत्री ने दे दिए। 28 साल से सूखी पड़ी झील भरने को लेकर दिन रात काम चल रहा है। 2023 में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री या फिर प्रधानमंत्री के द्वारा जनता को समर्पित करने को लेकर हम कोशिश करेंगे। भाखड़ी गांव में बन रहे यूनिवर्सिटी का जल्द मुख्यमंत्री शिलान्यास करेंगे। बड़खल विधानसभा में लगभग 80 फीसदी काम पूरा होने की तरफ है। मेरा मानना है कि प्रदेश के हर समुदाय को मुख्यमंत्री का एक विशेष कार्य के लिए धन्यवाद करना चाहिए। जहां पूरे देश में बीपीएल की पात्रता सालाना 1 लाख 20 हजार की आमदनी से कम है, वही मुख्यमंत्री द्वारा 1 लाख 80 हजार से कम आमदनी वाला बीपीएल श्रेणी में लाने का काम किया। चिरायु योजना के तहत बड़ी संख्या को कार्ड बांटे गए। मेरी चाहत है कि ताजा कमाने- ताजा खाने वाली बड़खल की अधिकतर जनता को इसका लाभ मिले। पानी को लेकर मेरे क्षेत्र में बहुत से कार्य हुए। गुरुकुल का रेलवे ब्रिज जल्द पूरा हो जाएगा। बहुत से विकास कार्य इसी प्रकार पूरे प्रदेश में चल रहे हैं।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)             

 

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Related News

static