हरियाणा में विधानसभा से पहले भाजपा को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, चर्चा में ये नाम

punjabkesari.in Thursday, May 30, 2024 - 02:03 PM (IST)

हरियाणा डेस्क: हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा संभव है। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनावों की मतगणना से बाद ही ये घोषणा की जा सकती है।

बता दें कि पार्टी इस बार किसी ब्राह्मण अथवा वंचित वर्ग के नेता पर दांव खेल सकती है। सरकारी कर्मचारियों की नाराजगी दूर करने के साथ ही राज्य के सरपंचों को भी खुश करने के लिए सरकार द्वारा अहम फैसले लिए जाने की संभावना है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पास है, जो कि ओबीसी श्रेणी से आते हैं।

अगर भाजपा किसी ब्राह्मण को प्रदेश अध्यक्ष बनाती है तो पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सबसे भरोसेमंद पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़ का नाम सबसे मजबूत है। वहीं अजय गौड़ फरीदाबाद लोकसभा सीट के प्रभारी भी हैं। उनकी गिनती पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में होती है। पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा भी ब्राह्मणों में भाजपा का बड़ा चेहरा हैं।

कृष्ण लाल पंवार का नाम काफी मजबूत

वंचित वर्ग के नेताओं में राज्यसभा सदस्य कृष्ण लाल पंवार का नाम काफी मजबूत बताया जा रहा है, लेकिन उनकी पृष्ठभूमि इनेलो की है। ऐसे में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रह चुके एवं मुख्यमंत्री के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर सुदेश कटारिया के नाम पर पार्टी विचार कर सकती है। सुदेश कटारिया पूर्व सीएम और सीएम के भरोसेमंद सहयोगियों में हैं। सीएम के पूर्व राजनीतिक सचिव एवं पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी का नाम भी चर्चा में है।

वंचित वर्ग के चेहरों में भाजपा पीडब्ल्यूडी मंत्री डॉ. बनवारी लाल पर भी दांव खेल सकती है। भाजपा अगर किसी जाट चेहरे पर दांव खेलना चाहती है तो पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु का नाम सबसे मजबूत है। राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला को पूर्व सीएम मनोहर लाल का भरोसेमंद माना जाता है, लेकिन पहले से उनके पास बहुत दायित्व हैं। ऐसे में बराला भरोसेमंद पार्टी प्रवक्ता प्रदीप अहलावत का नाम आगे कर सकते हैं। ऐसे में देखना ये होगा कि किसके नाम पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की मुहर लगती है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

Related News

static