सांसद सैनी की रैली में पहुंचे बॉलीवुड कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव, दिया समर्थन

punjabkesari.in Sunday, Sep 02, 2018 - 03:53 PM (IST)

पानीपत(ब्यूरो): सांसद राजकुमार सैनी ने अपनी नई पार्टी लोकतंत्र सुरक्षा मंच का ऐलान कर दिया है। सांसद सैनी की नवनिर्मित पार्टी लोकतंत्र सुरक्षा मंच की रैली आज पानीपत के हुड्डा ग्राऊंड में आयोजित की गई। इस मौके पर बालीवुड की फिल्मों में अपनी एक्टिंग से लोगों को पेट पकड़ कर हंसने को मजबूर करने वाले एक्टर व कॉमेडियन राजपाल यादव भी पहुंचे। राजपाल यादव ने रैली में उमड़े भारी जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने अपना समर्थन राजकुमार सैनी की पार्टी को दिया, वहीं सांसद सैनी की तारीफों के पुल बांधे।

गौरतलब है कि हरियाणा के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों का तूफानी दौरा करने के बाद बाद पानीपत के ऐतिहासिक मैदान में कुरुक्षेत्र के सांसद व लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सैनी ने नई पार्टी के गठन के साथ मोर्चा खोला। सैनी इस रैली के माध्यम से आज अपनी सियासी ताकत दिखाई। रैली के मंच से अपनी पार्टी के गठन का ऐलान करने के बाद सैनी ने हरियाणा की सभी दस संसदीय सीटों के साथ साथ प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩे का भी शंखनाद किया।

वहीं नई पार्टी का गठन करने के बाद सांसद सैनी भाजपा के साथ-साथ दूसरे पार्टियों के खिलाफ भी हमला बोल रहे हैं। सैनी का कहना है कि उनकी पार्टी हरियाणा की सभी 90 विधानसभा और 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि यदि हमारी सरकार बनती है तो सभी परिवार के एक व्यक्ति को रोजगार दिया जाएगा। जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण व्यवस्था लागू की जाएगी, जनसंख्या नीति बनाई जाएगी। छह महीने के अंदर इन वादों को पूरा किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि आगामी लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में भाजपा की टेंशन बढ़ गई है। कुरूक्षेत्र से भाजपा के बागी सांसद राजकुमार सैनी ने नई पार्टी लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी का गठन किया है। वे 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार और उद्योगपति नवीन जिंदल को शिकस्त देकर संसद में पहुंचे थे। उन्होंने जाट आरक्षण का खुलकर विरोध किया था। राजकुमार ने कहा था कि, उनके समर्थकों को तंग किया जा रहा है। प्रजातंत्र कुछ परिवारों की जागीर बनकर रह गया है। आजादी के 70 साल बाद भी परिवारतंत्र हावी है। जो लोग भ्रष्टाचार पर भाषण देते हैं, उनकी पार्टी के लोग भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में बंद हैं। दशकों तक राज करने वाली पार्टी के नेता आज भी आवश्यक सुविधाएं जैसे बिजली, पानी और सड़क के मुद्दे पर भाषण देते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static