कार खरीदने निकले नौजवान युवक की निर्मम हत्या, यमुना नहर में मिला बोरे में बंद शव
punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2022 - 09:12 PM (IST)

यमुनानगर(सुमित): बीते दिन यमुना नहर में बोरे में मिले शव की पहचान हो गई है। शव को बेरहमी से चार जगह से काटने के बाद पॉलिथीन में पैक करने के बाद नहर में फेंका गया था। मृतक की पहचान छोटी लाइन प्रतापनगर निवासी 19 वर्षीय वरुण उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
सोमवार को हत्या कर यमुना नहर में फेंका गया था शव
मृतक की मां सीमा ने बताया कि वह रविवार की दोपहर को घर से 70 हजार रुपए लेकर एक पुरानी कार खरीदने की बात कहकर घर से निकला था। कार खरीदने के लिए बेटे को यह पैसा उसकी मां ने ही दिया था। वरुण के पिता तरसेम सिंह किराए पर गाड़ी चलाते हैं। तरसेम सिंह का कहना है कि वरुण उसका बड़ा बेटा था। वह अक्सर घरवालों के साथ लड़ाई झगड़ा करता था। यही नहीं आरोपी कोई काम-धंधा नहीं करता था और वह नशा करने का भी आदी था। वह अक्सर कई-कई दिन तक घर से गायब रहता था। काफी समय से वह कार खरीदने की जिद कर रहा था। इसलिए उसकी मां ने उसे कार खरीदने के लिए रूपए भी दिए थे। हालांकि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि वह किससे कार खरीदने गया था।
गोताखोर राजीव ने देखा था बोरे में बंद शव
सोमवार को ग्रे पेलिकन के पास पश्चिमी यमुना नहर में सिक्के निकालने पहुंचे गोताखोर राजीव और उसके साथियों ने बोरी में यह शव देखा था। पुलिस ने जब शव को बोरी से बाहर निकाला तो पता चला कि यह डेड बॉडी किसी नौजवान युवक की है। मृतक की बाजू, गर्दन, कान व टांगों पर धारदार हथियार से कट लगे हुए थे। निर्ममता के साथ उसकी हत्या की गई थी। उस समय शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने इस मामले में गोताखोर राजीव की शिकायत पर हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)