जिला रजिस्ट्रार से बदसलूकी, मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 08:51 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): जिला रजिस्ट्रार (फर्म्स एवं सोसाइटीज) कार्यालय में जबरन घुसकर अधिकारी से बदसलूकी, मारपीट, धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। जिला रजिस्ट्रार अर्पित गहलावत की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अलका दलाल सहित करीब आधा दर्जन के खिलाफ गुरुवार को सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में बताया गया कि 21 जुलाई की शाम करीब चार बजे अलका दलाल निवासी मालिबू टाउन, सेक्टर-47 पांच से छह अज्ञात लोगों के साथ पहुंची, जिनमें वकील की ड्रेस पहने व्यक्ति और एक सशस्त्र हरियाणा पुलिस का पीएसओ भी शामिल था। पब्लिक मीटिंग का समय समाप्त होने का संदेश देने के बावजूद ये लोग जबरन जिला रजिस्ट्रार के केबिन में घुस आए और हंगामा शुरू कर दिया।
अधिकारी का आरोप है कि वकीलों के पहनावे में मौजूद व्यक्ति ने उन्हें दफ्तर से बाहर निकलने पर देख लेने की धमकी दी, बंधक बनाने का प्रयास किया और हाथापाई करते हुए अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान कार्यालय के अफरा-तफरी मच गई और सरकारी काम पूरी तरह बाधित हो गया। घटना के अगले दिन 22 जुलाई शिकायतकर्ता ने पुलिस को वारदात का वीडियो फुटेज सौंपा। वीडियो अवलोकन के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 221, 224, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान में जुटी है।