आए दिन हो रही चोरियों से शहर वासियों में दहशत, अधिकतर सूने घरों को बनाया जा रहा निशाना

punjabkesari.in Friday, Mar 12, 2021 - 11:43 AM (IST)

यमुनानगर : आज के इस दौर में चोरों का हौंसला लगातार बुलंद होता जा रहा है। आए दिन चोर कहीं न कहीं शहर में मकानों के ताले तोड़ रहे हैं या फिर सूने घरों को अपना निशाना बना लाखों की नकदी पर अपना हाथ साफ कर रहे हैं। पुलिस के हाथ लगभग खाली रहते हैं और चोरों का सुराग तक नहीं लग पाता। अभी हाल ही में ससौली गांव में सूने पड़े एक मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया और लाखों रूपए का सामान, सोने व चांदी के आभूषण व लगभग 20-25 हजार की नकदी लेकर चंपत हो गए। पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस का कहना है कि वे इस दिशा में गंभीरता से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए विभिन्न टीमों का गठन कर आसपास एरिया के सी.सी.टी.वी. की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि एक ही रात में कई घरों व दर्जनों के ताले तक चटका देते हैं। 

दीवार फांद कर आए अंदर, बाहर का लगा रहा ताला
ससौली गांव के निवासी अशोक त्यागी सेवानिवृत अधिकारी डिप्टी एप्रेंटिशिप एडवाईसर, मिनिस्टटरी आफ लेबर एमप्लायंमेट, व उनकी पत्नी वीना त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि वे नवम्बर से अपने बेटे गौरव त्यागी के पास यू.एस.ए. में गए हुए थे। जैसे ही वे 2 मार्च को यू.एस.ए. से भारत वापिस लौटे और अपने घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के बाहर गेट का ताला तो उसी तरह लगा हुआ था जैसे वे लगाकर गए थे। लेकिन चोरों ने दीवार टापकर अंदर के ताले व कुंडे उखाड़े हुए थे। चोरों ने आराम से यहां चोरी को अंजाम दिया और यहीं बैठकर शराब भी पी।

त्यागी का कहना है कि उनका अनुमान है कि चोरों ने 27 या 28 फरवरी को इस घटना को अंजाम दिया है। उनके अनुसार वहीं पीछे ही उनके दूसरे नए घर का निर्माण कार्य चल रहा था। जिसके लिए बिजली के ब्रांडिड स्विच, वायर तथा बाथरूम के लिए ब्रांडिड सामान उनका छोटा बेटा सौरव त्यागी लाकर दे गया था। वहीं घर मे साथ घरेलू गैस सिलेंडर, बैटरी, इंवर्टर व सोने के आभूषण जिनमें हाथ के कड़े,गले की चैन, चांदी का सामान व चांदी से बनी भगवान की मूर्ति व अन्य कीमती सामान भी चोरी किया गया। अभी भी वे चोरी की पूरी जानकारी हासिल नहीं कर पाए। क्योंकि उनका एक बेटा यू.एस.ए. में है और दूसरा बेटा सौरव त्यागी मुंबई में सिविल इंजीनियर है। जो उन्हे नए बनने वाले मकान के लिए सारा मंहगा ब्रांडिड सामान लाकर दे गया था।

उन्हें लगता है कि कम से कम 8 से 9 लाख रूपए तक नुकसान चोरों ने किया है। अशोक त्यागी ने बताया कि इस घटना की जानकारी उन्होंने पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। लेकिन पुलिस के हाथ अभी तक कुछ नहीं लगा है। आम आदमी का भी कहना है कि आजकल शहर में चोरियों की भरमार है वहीं दूसरी ओर ससोली गांव के लोग भी इस चोरी को लेकर डरे हुए हैं। सूने घरों को तो चोर बिलकुल ही नहीं छोड़ रहे। मानों दिनभर ऐसे घरों की रेकी की जाती है और शाम को यहां चोरी को अंजाम दे दिया जाता है। अशोक त्यागी ने पुलिस से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द पुलिस चोरों तक पहुंचे। ताकि उनके सामान की भी रिकवरी हो सके।

ससौली में हुई चोरी की सूचना मिली थी और सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने मौके का मुआयना करते हुए इस चोरी की घटना में संलिप्त लोगों का पता लगाने के लिए टीमों का गठन कर लिया है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों के सी.सी.टी.वी. की फु टेज भी खंगाली जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस चोरों तक पहुंचेगी और चोर सलाखों के पीछे होंगे। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static