दिन भर छाए रहे बादल, 7 डिग्री तापमान गिरने से मौसम रहा कूल-कूल

punjabkesari.in Wednesday, Jun 15, 2022 - 08:58 AM (IST)

भिवानी: जिले के आसमान पर मंगलवार दिन भर बादल छाए रहे। इसके चलते जिले का अधिकतम तापमान सोमवार की बजाए 7 डिग्री कम दर्ज किया गया और जिले का मौसम दिन भर कूल-कूल बना रहा। वहीं प्री-मानसून ने राजस्थान में दस्तक दे दी है। यहां बता दें कि जिले में पिछले अढाई महीने से कुछ दिनों को छोड़ दिया जाए तो यहां गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। इसी कड़ी में सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था और सोमवार को दिन भर लू चलने से लोगों का गर्मी से हाल बेहाल रहा था।

लोगों को मिली राहत
हालांकि मंगलवार को जिले के न्यूनतम तापमान में किसी तरह की गिरावट नहीं आई और यह सोमवार की तरह मंगलवार को भी 32 डिग्री सैल्सियस पर टिका रहा। मगर अधिकतम तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। हालांकि जिले के ग्रामीण इलाकों में सोमवार की तरह दिन में मंगलवार को भी मात्र 2 घंटे ही बिजली सप्लाई की गई।

शुुक्रवार को झमाझम बारिश की संभावना
दूसरी ओर मौसम विभाग के अनुसार वीरवार रात से जिले के मौसम में बदलाव आ रहा है और शुक्रवार को जिले में प्री-मानसून की झमाझम बारिश होने की पूरी संंभावना है जो 20 जून तक इसी तरह मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इसलिए आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से और राहत मिलने वाली है।

23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा
हालांकि सोमवार को जिले में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लू चली थी। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले में 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा तो चली, लेकिन जिले के आसमान पर बादल छाए रहने से यह हवा लू का रूप नहीं ले सकी और इस हवा से मौसम और सुहावना हो गया। इसी प्रकार मंगलवार को जिले के मौसम में 33 प्रतिशत नमी दर्ज की गई, जबकि सोमवार को यह मात्र 20 प्रतिशत ही थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static