एक्शन मोड में आई सीएम फ्लाईंग, नगर निगम ऑफिस में की रेड
punjabkesari.in Wednesday, Jul 05, 2023 - 10:29 PM (IST)

गुडग़ांव, (ब्यूरो): एक्शन मोड में आई सीएम फ्लाइंग ने बुधवार की सुबह एक साथ गुडग़ांव के नगर निगम व नगर परिषद कार्यालय में रेड की। सीएम फ्लाइंग की टीम ने गुडग़ांव के सेक्टर 34 स्थित नगर निगम कार्यालय, मानेसर नगर निगम सहित पटौदी व सोहना नगर परिषद कार्यालय में सुबह 9.10 पर छापेमारी की। वहीं टीम ने गुडग़ांव शहर में मौजूद निगम ऑफिस में रिकार्ड खंगाला। टीम ने कार्यालय खंड विकास एवं पंचायत सोहना, गुरुग्राम व कार्यालय परिवार पहचान पत्र विभाग, सोहना का भी औचक निरीक्षण किया।
गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सीएम फ्लाइंग की टीम जब सेक्टर 34 स्थित निगम कार्यालय में पहुंची तो पूरे निगम कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ था। चैकिंग के दौरान कार्यालय नगर निगम गुरूग्राम जोन-1, जोन-2 व जोन-4 में काफी कर्मचारी/अधिकारी गैर हाजिर पाए गए। कार्यालय नगर निगम गुरूग्राम की प्रोपर्टी टैक्स डयूज पेमेन्ट एण्ड नो डयूज सर्टिफिकेट मैनेजमैन्ट सिस्टम पोर्टल सेे लम्बित प्रोपर्टी आई.डी. की सूची प्राप्त की गई। जिस पर काफी संख्या में प्रोपर्टी आई.डी. अपनी तय समयावधी 10 कार्य दिवसों के बाद तक लम्बित पाई गई। इसमें सम्बन्धित कर्मचारी की लापरवाही पाई गई। ज्यादातर कर्मचारी व अधिकारी अपनी कुर्सी से नदारद दिखे। सीएम फ्लाइंग की तीन टुकड़ी अलग-अलग फ्लोर पर गई और उन तमाम कर्मचारियों की लिस्ट बनानी शुरू की जो समय पर ऑफिस नहीं पहुंचे।
वहीं अटेंडेंस रजिस्टर अपने कब्जे में लिया। सीएम फ्लाइंग की टीम ने निगम के कर्मचारियों से कामकाज की रिपोर्ट मांगी तो पता चला बहुत सी फाइलें महीनों से पेंडिंग पड़ी हुई हैं। जबकि उनसे संबंधित आम जनता निगम के चक्कर काट कर परेशान हो रही है। सीएम फ्लाईंग को मौके से कई खामियां मिली। वहीं कई दिनों से नगर निगम गुडग़ांव में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलने को लेकर भी सीएम फ्लाइंग ने तमाम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए और डाटा तैयार करना शुरू किया। टीम को जो निगम कर्मचारी मौके पर मिले उन्होंने अन्य कर्मचारियों के नदारद होने पर बहाना बनाते हुए कहा कि वह जाम में फंसे हुए हैं या फिर अन्य काम से देरी हो गई। बहरहाल सीएम फ्लाइंग की टीम ने नदारद कर्मचारियों अधिकारियों की एक लंबी फेहरिस्त बना ली है और जल्द ही उनसे लेटलतीफी और कुर्सी से गायब रहने का कारण पूछा जाएगा। मानेसर नगर निगम सहित सोहना नगर परिषद कार्यालय में सुबह 9.10 पर छापेमारी की। वहीं टीम ने गुडग़ांव शहर में मौजूद ऑफिस में रिकार्ड खंगाला।
टीम का कहना है कि कार्यालय खंड विकास एवं पंचायत सोहना, गुरुग्राम में फैमिली आई.डी. काफी संख्या में लम्बित पाई गई और वेरिफिकेशन हेतू हजारों संख्या में फैमिली आई.डी. प्राप्त होती है। जिनके समाधान के लिए त्वरित कार्यवाही की जाएगी। जो कर्मचारी/अधिकारी जो समय पर कार्यालय में नही पहुंचते या नदारद रहते है उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। भविष्य में तय सीमा के अन्दर सरकारी कार्यालयों में आमजन की समस्या का समाधान करने पर जोर दिया जाएगा।